29 July, 2026 (Wednesday)

शादी कर दुल्हन लाए, मांगने लगे एक कट्ठा जमीन, नहीं मिला तो जहर देकर मार डाला; ससुरालवाले अरेस्ट

शादी के महज डेढ़ महीने बाद नवविवाहिता की हुई मौत ने सनसनी फैला दी है। मृतका के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार किया है।
बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक नवविवाहिता की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। शादी के महज डेढ़ महीने बाद हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका के पिता कमोद प्रसाद, जो बथनाहा थाना क्षेत्र के दोस्तपुर गांव के रहने वाले हैं, उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री मनीषा कुमारी की शादी 6 मई 2026 को बाजपट्टी थाना क्षेत्र के पटदौरा गांव निवासी मिथलेश कुमार के साथ हुई थी। परिवार वालों ने बड़े अरमानों के साथ अपनी बेटी की विदाई की थी, लेकिन वे इस बात से अंजान थे कि यह रिश्ता उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।

एक कट्ठा जमीन के लिए प्रताड़ित किया
परिजनों का गंभीर आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए मनीषा पर दबाव बनाने लगे थे। उनकी मांग थी कि दहेज में मुजफ्फरपुर में एक कट्ठा जमीन लिखवाई जाए। जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो मनीषा को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।

जहर देकर हत्या करने का आरोप
पीड़ित परिवार के मुताबिक, पिछले शनिवार को मनीषा को भीसा स्थित आवास पर ले जाया गया। आरोप है कि वहीं पर उसे साजिश के तहत जहर देकर मार डाला गया। मृतका के गले पर चोट और जख्म के निशान भी मिले हैं।
हत्या को अंजाम देने के बाद ससुराल वाले मामले को छुपाने और साक्ष्य मिटाने की फिराक में थे। वे जल्दबाजी में शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे, ताकि किसी को भनक तक न लगे। हालांकि, समय रहते परिजनों को इसकी सूचना मिल गई और वे तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह शव को अपने कब्जे में लिया और पुलिस को सूचना देकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

सभी एंगल से जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मृतका के पिता द्वारा दहेज, हत्या और जमीन की मांग को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस इस मामले की सभी एंगल से गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आने के बाद इस मामले में आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *