टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच ने छोड़ा साथ, अब आईपीएल टीम के साथ आएंगे नजर
टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने अपना पद छोड़ दिया है। अब वे आईपीएल में केकेआर के साथ नजर आएंगे। इंग्लैंड के दौरे पर ही उन्होंने इस बारे में बताया था।
भारत का जिम्बाब्वे दौरा समाप्त हो गया है। अब अगस्त में टीम इंडिया श्रीलंका के दौरे पर जाएगी। इसके लिए बीसीसीआई ने स्क्वाड का ऐलान भी कर दिया है। इस बीच भारतीय टीम से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने टीम का साथ छोड़ दिया है। संभावना जताई जा रही है कि अगले साल होने वाले आईपीएल में वे टीम साथ नजर आएंगे।
इंग्लैंड सीरीज के दौरान ही बीसीसीआई को बताया था
रयान टेन डोशेट पिछले काफी वक्त से टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच के तौर पर जुड़े थे। जब टीम इंडिया इंग्लैंड के दौरे पर थी, तभी पता चला था कि रयान टेन डोशेट ने कह दिया है कि वे जिम्बाब्वे सीरीज के बाद अपना पद छोड़ देंगे। इस बीच क्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि डोशेट अब केकेआर के कोचिंग स्टाफ से जुड़ने जा रहे हैं और अगले साल टीम के साथ नजर आएंगे।
नीदरलैंड्स क्रिकेट टीम के कप्तान रहे हैं रयान टेन डोशेट
साल 2024 में रयान टेन डोशेट टीम इंडिया के साथ जुड़े थे। वे नीदरलैंड्स क्रिकेट टीम के कप्तान रहे हैं। राहुल द्रविड़ का कार्यकाल समाप्त होने के बाद जब टीम इंडिया का हेड कोच बदला गया था, तभी रयान टेन डोशेट भी टीम के साथ जुड़े थे। डोशेट का काम भारतीय टीम की बल्लेबाजी और फील्डिंग में सुधार करना रहा, जिसमें काफी हद तक कामयाब भी रहे।
पहले भी केकेआर के साथ जुड़े रहे हैं
जहां तक बात केकेआर यानी कोलकाता नाइट राइडर्स की है तो उसके साथ वे पहले भी जुड़े रहे हैं। जब केकेआर ने साल 2012 और 2014 में आईपीएल का खिताब जीता था, तब वे टीम साथ थे। वे एक खिलाड़ी के तौर पर टीम के साथ नजर आ रहे थे। इसके बाद साल 2022 में वे टीम के फील्डिंग कोच बने। जो काम उन्होंने साल 2024 तक किया।
एशिया कप और आईसीसी टी20 विश्व कप भी जीतने में कामयाबी हासिल की
इस बीच रयान टेन डोशेट के कार्यकाल के दौरान भारत ने साल 2025 में एशिया कप का खिताब जीता। इसके बाद साल 2026 का आईसीसी टी20 विश्व कप भी जीतने में कामयाबी हासिल की। हालांकि इस दौरान टेस्ट में भारतीय टीम बहुत अच्छा खेल नहीं दिखा पाई। टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और फिर साउथ अफ्रीका से टेस्ट सीरीज हार गई थी।
