19 छात्रों ने हासिल किए 700 से अधिक अंक, 58 प्रतिशत लड़कियां हुईं सफल
EET UG 2026 Result : NEET UG 2026 के नतीजे राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने जारी कर दिए हैं. इस साल भी परीक्षा परिणामों में लड़कियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है. क्वालिफाई करने वाले कुल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं, जबकि सफलता दर के मामले में भी लड़कियां लड़कों से आगे रही हैं.
NTA द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, लड़कियों की सफलता दर 56.8 प्रतिशत रही, जबकि लड़कों की सफलता दर 55.1 प्रतिशत दर्ज की गई. इससे साफ है कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा में छात्राओं ने एक बार फिर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है.
19 छात्रों ने हासिल किए 700 से अधिक अंक
इस वर्ष करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने NEET UG 2026 में हिस्सा लिया, जिनमें से 11.21 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा क्वालिफाई की. वहीं, 138 अभ्यर्थियों ने 690 से अधिक अंक हासिल किए हैं. इनमें 93 प्रतिशत से अधिक ऐसे छात्र शामिल हैं, जिन्होंने पहली बार परीक्षा दी थी और उनकी आयु 17 से 19 वर्ष के बीच थी.
NEET UG 2026 में 19 छात्रों ने 700 से अधिक अंक हासिल किए हैं. परीक्षा का सर्वोच्च स्कोर 715 में से 715 नहीं, बल्कि 715/720 रहा, जिसे पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने संयुक्त रूप से हासिल किया.
देशभर से उम्मीदवारों ने दर्ज की सफलता
देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सफल उम्मीदवार सामने आए हैं. उत्तर प्रदेश से 1.7 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने परीक्षा क्वालिफाई की है. वहीं, लक्षद्वीप से भी 43 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है.
NTA के अनुसार, 17 राज्यों के टॉपर्स ने 700 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जो देश के विभिन्न हिस्सों में शिक्षा के बेहतर अवसरों को दर्शाता है.
13 भाषाओं में हुई थी परीक्षा
बता दें कि इस वर्ष NEET UG 2026 का आयोजन 13 भाषाओं में किया गया था. इनमें हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, तमिल, तेलुगु, मराठी, गुजराती, बंगाली, असमिया, ओड़िया, कन्नड़, मलयालम और पंजाबी शामिल हैं. इससे विभिन्न भाषाई पृष्ठभूमि के छात्रों को अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा देने का अवसर मिला.
काउंसलिंग प्रक्रिया का रास्ता साफ
परिणाम जारी होने के बाद अब काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है. NTA ने सफल उम्मीदवारों और उनके अभिभावकों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करें. सीट दिलाने के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी और फर्जी कॉल से सावधान रहने की भी अपील की गई है.
