17 July, 2026 (Friday)

गाजियाबाद में बेटे ने पिता को गोली मारकर की हत्या, पुलिस जांच में जुटी

UP News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है. मोदीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बुदाना में एक बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी. मामूली विवाद के बाद हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं.

जानकारी के मुताबिक, 32 वर्षीय निखिल नेहरा का अपने 55 वर्षीय पिता हरिओम नेहरा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि निखिल ने अपने पिता पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. गोली लगने से हरिओम नेहरा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े.

पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की
घटना के तुरंत बाद परिवार के लोग उन्हें मोदीनगर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. अस्पताल से पुलिस को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी निखिल नशे का आदी बताया जा रहा है और परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे की असल वजह क्या थी.
मृतक को चार गोलियां लगी थीं
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी है. मृतक को चार गोलियां लगी थीं. फिलहाल हत्या के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवाद और नशे की गंभीर समस्या को सामने ला दिया है.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *