10 July, 2026 (Friday)

बुलंदशहर में मस्जिद की बाउंड्रीवॉल गिरने से 3 की मौत, तीन लोग घायल

बुलंदशहर के मूंडाखेड़ा में बारिश के कारण एक मस्जिद की बाउंड्रीवाल ढह गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुलंदशहर: जिले में बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश की वजह से आम लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है। इस बीच मूंडाखेड़ा में बारिश के कारण एक मस्जिद की बाउंड्रीवाल ढह गई। इस हादसे में छह लोग बाउंड्रीवॉल के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आनन-फानन में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत अभियान शुरू किया। इसके बाद मलबे में फंसे सभी छह लोगों को बाहर निकाला गया।

छह लोग मलबे में दबे
जानकारी के मुताबिक छह लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई थी। हालांकि चार घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन एक महिला की जिला अस्पताल में मौत हो गई। इस तरह से मृतकों की संख्या तीन हो गई है। वहीं बाकी के तीन घायलों का इलाज किया जा रहा है। फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है। बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश की वजह से मस्जिद की बाउंड्रीवॉल गिरने से यह हादसा हुआ।

तीन लोगों की मौत
घटना की जानकारी देते हुए खुर्जा के CO शोभित कुमार अत्री ने बताया, “थाना खुर्जा नगर के ग्राम मूंडाखेड़ा में दीवार गिरने की एक दुर्घटना हुई थी। इसमें कुल 6 लोग मलबे की नीचे दब गए थे, जिसमें से दो लोगों की शुरूआत में ही मृत्यु हो गई थी। 4 अन्य लोग घायल थे, जिन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया था, जिसमें से एक अन्य महिला की मृत्यु में हो गई है। घटना में कुल 3 लोगों की मृत्यु हो गई है, अन्य की स्थिति सामान्य है।”
दिल्ली में गिरा निर्माणाधीन मकान
बता दें कि इससे पहले बुधवार को ऐसा ही एक मामला सामने आया। यहां दिल्ली के रोहिणी में तीन मंजिला निर्माणाधीन मकान गिर गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच-छह लोगों के मलबे में फंसे होने की आंशका है। अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस, एनडीआरएफ और अन्य आपातकालीन टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थानीय लोग भी खोज एवं बचाव प्रयासों में शामिल हुए। मलबे से दो लोगों को जीवित बाहर निकाला गया था। बीते दिनों दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश के बीच रोहिणी सेक्टर 16 में एक एमसीडी स्कूल के पास शाम 4.20 बजे इमारत ढह गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *