09 July, 2026 (Thursday)

अंतिम चरण में SIT की जांच, अयोध्या का एक और दौरा कर सकती है टीम, किया जाएगा फील्ड वेरिफिकेशन

अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी की अंतिम एसआईटी रिपोर्ट यूपी सरकार को सौंपी जानी है। सरकार के सामने रिपोर्ट जाने से पहले तथ्यों की दोबारा पुष्टि की जाएगी। ताकि रिपोर्ट में किसी तरह की कमी न रहे।
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती के दौरान चोरी के मामले की जांच अब अंतिम दौर में पहुंच गई है। इस मामले की जांच कर रही SIT की टीम रिपोर्ट सौंपने से पहले अयोध्या का तीसरा और अंतिम दौरा कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, इसी के बाद SIT अपनी अंतिम रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को सौंप देगी। SIT को 15 जुलाई तक रिपोर्ट जमा करनी है।
अंतिम निष्कर्ष तैयार करने में जुटी जांच टीम
सूत्रों के मुताबिक, पिछले करीब तीन सप्ताह के दौरान SIT ने बड़ी संख्या में दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और कई लोगों के बयान दर्ज किए हैं। इन सभी का विश्लेषण लगभग पूरा हो चुका है और अब जांच टीम अंतिम निष्कर्ष तैयार करने में जुटी है।

फील्ड वेरिफिकेशन करेगी SIT टीम
बताया जा रहा है कि रिपोर्ट को अंतिम रूप देने से पहले SIT मौके पर पहुंचकर फील्ड वेरिफिकेशन करेगी। इस दौरान पुलिस हिरासत में आरोपियों से पूछताछ में मिले इनपुट का मिलान किया जाएगा। जांच के दौरान सामने आए नए सुरागों और तथ्यों की भी दोबारा पुष्टि की जाएगी ताकि रिपोर्ट में किसी तरह की कमी न रहे।

कुछ और लोगों की गिरफ्तारी की संभावना
सूत्रों का कहना है कि SIT इस मामले में कथित साजिश की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही है। जांच में मिले नए तथ्यों के आधार पर कुछ और लोगों की गिरफ्तारी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

अंतिम SIT रिपोर्ट में ये चीजें आ सकती हैं सामने
जानकारी के मुताबिक, SIT की अंतिम रिपोर्ट में चढ़ावे की कथित चोरी और गबन की पूरी प्रक्रिया, मंदिर की निगरानी व्यवस्था में रही कमियां, सुरक्षा और प्रबंधन से जुड़े जिम्मेदार लोगों की भूमिका तथा जांच के दौरान सामने आए सभी अहम तथ्यों का विस्तृत उल्लेख होगा।

यूपी सरकार को सौंपी जाएगी अंतिम SIT रिपोर्ट
अब सबकी नजर 15 जुलाई पर टिकी हैं। जब SIT अपनी अंतिम रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को सौंपेगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई तय की जाएगी।

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष ने की अहम बैठक
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की एसआईटी जांच के बीच बुधवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने अयोध्या में कई बैठकें कीं। इससे कुछ दिन पहले ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक के बाद हुई थी, जिसमें पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के नैतिक आधार पर दिए गए इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *