17 June, 2026 (Wednesday)

‘मेरे सारे पैसे खा गया’, रोज सेट पर हेलीकॉप्टर से आते थे अक्षय कुमार, फराह खान ने कसा तंज, बोली- टैक्सी समझता था

अक्षय कुमार और फराह खान के बीच की जुदलबंदी किसी से छिपी नहीं, दोनों जब भी साथ आते हैं खूब मस्ती करते हैं और एक दूसरे का जमकर मजाक भी उड़ाते हैं। अब हाल ही में अक्षय कुमार की फराह खान ने पोल खोली और बताया कि अक्षय हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल टेक्सी की तरह करने लगे थे।
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन स्टारर फिल्म ‘भूत बंगला’ ओटीटी पर रिलीज होने वाली है। जल्द ही आप इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर देख पाएंगे। इस फिल्म के प्रमोशन्स के लिए प्रियदर्शन, अक्षय कुमार और राजपाल यादव फिर एक बार साथ नजर आए, तीनों फराह खान के टॉक शो का हिस्सा बने और पुराने-पुराने मजेदार किस्से साझा किए। इसी दौरान फराह खान और अक्षय कुमार का भी एक रोचक किस्सा सामने आया जो फिल्म ‘तीस मार खान’ से जुड़ा था। इसमें फराह ने बताया कि किस तरह अक्षय कुमार ने उनकी जेब ढीली करा दी थी।
रोज हेलीकॉप्टर से तय करते थे लंबी दूरी
फराह खान ने कई बार बताया है कि उनकी फिल्म ‘तीस मार खान’, जिसमें अक्षय कुमार लीड रोल में थे बॉक्स ऑफिस पर तो सफल नहीं रही, लेकिन बाद में दर्शकों ने इसे पसंद किया। हाल ही में फराह ने अक्षय, प्रियदर्शन और राजपाल यादव के साथ बातचीत की, जिसके दौरान एक दिलचस्प बात सामने आई कि अक्षय हर दिन हेलीकॉप्टर से ‘तीस मार खान’ के सेट पर जाते थे। इस घटना के बारे में बताते हुए फराह ने कहा, ‘हम माल्शेज में ‘तीस मार खान’ की शूटिंग कर रहे थे। हर दिन सुबह 8 बजे का कॉल टाइम होता था। सभी लोग वहीं रुकते थे क्योंकि मुंबई से वहां तक ​​पहुंचने में लगभग ढाई घंटे लगते थे, लेकिन अक्षय हर शाम पैक-अप के बाद घर चले जाते थे और अगली सुबह 7:45 बजे तक वापस आ जाते थे।’

‘मेरे सारे पैसे खा गया’
यह सुनकर राजपाल यादव हैरान रह गए कि अक्षय हर दिन इतनी लंबी दूरी कैसे तय करते थे। फिर अक्षय ने सहजता से बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान वह हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करते थे, जिससे सब हंस पड़े। फराह ने माना कि यह पहली बार था जब उन्होंने किसी एक्टर को हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल टैक्सी की तरह करते देखा था, लेकिन उन्होंने अक्षय की तारीफ भी की कि वह हमेशा समय पर सेट पर पहुंचते थे। हालांकि अक्षय ने अपना बचाव करते हुए कहा कि इससे किसी को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए थी क्योंकि वह खुद भी फिल्म के प्रोड्यूसर थे। फराह ने तुरंत जवाब दिया, ‘और मैं भी तो थी। मेरे सारे पैसे खा गया।’ फिर अक्षय ने जवाब दिया कि फराह ने उस फिल्म से सबसे ज्यादा पैसे कमाए थे।’ हालांकि फराह हंसीं और सुझाव दिया कि उन्हें प्रोड्यूसर रॉनी स्क्रूवाला को फोन करके पूछना चाहिए कि उनके सारे पैसे कहां गए।’तीस मार खान’ के बारे में
हालांकि ‘तीस मार खान’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर लगभग ₹84 करोड़ कमाए, लेकिन रिलीज के समय क्रिटिक्स से फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। हालांकि समय के साथ फिल्म को नए दर्शक मिले, क्योंकि इसके कई सीन और डायलॉग सोशल मीडिया पर वायरल हो गए और पॉपुलर मीम्स बन गए। इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ अक्षय खन्ना, कैटरीना कैफ, अली असगर, रघु राम और राजीव जैसे कलाकार फिल्म का अहम हिस्सा था। फिल्म में अक्षय कुमार एक चोर के रोल में थे और अक्षय खन्ना ने बॉलीवुड एक्टर का रोल निभाया था।

फिल्म का फराह पर क्या प्रभाव पड़ा?
इससे पहले रणवीर इलाहाबादिया से बात करते हुए फराह ने बताया था कि फिल्म की असफलता ने उन्हें व्यक्तिगत और पेशेवर रूप से कैसे प्रभावित किया था। उन्होंने कहा, ‘इससे आप लंबे समय तक पीछे रह जाते हैं। आप आगे बढ़ते हैं, वापसी करते हैं और काम जारी रखते हैं, लेकिन कहीं न कहीं आपके मन में हमेशा यह बात रहती है कि आप पीछे हैं। ऐसा नहीं है कि आप खुद पर शक करने लगते हैं, लेकिन लोग आपको खुद पर शक करने की तरफ धकेलने की कोशिश करते हैं। जब आपकी फिल्म हिट हो जाती है, तब भी लोग आपको ऐसा महसूस करा सकते हैं कि आप कुछ भी कर सकते हैं। फिर हर कोई आपकी बात आंख बंद करके मानता है क्योंकि उन्हें लगता है कि आपको सब कुछ पता है। आपको उस पर भी सवाल उठाना होता है। करियर के लिहाज से, यह मेरे लिए अच्छा दौर नहीं था।’

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed