09 June, 2026 (Tuesday)

कुरुक्षेत्र में डिरेल हुई ट्रेन, पटरी से उतरे तीन डिब्बे, बिजली के खंभे से टकराया डिब्बा

कुरुक्षेत्र में सोमवार को एक मालगाड़ी डिरेल हो गई। मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे के बाद काफी देर तक विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही।
कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आज एक हादसा हो गया। यहां कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को एक मालगाड़ी डिरेल हो गई। मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए। हादसे के दौरान एक डिब्बा बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद बचाव और मरम्मत का कार्य शुरू किया गया। थोड़ी देर बाद रेलवे ट्रैक को साफ कर लिया गया। हालांकि इस हादसे की जांच की जा रही है।
मालगाड़ी के तीन डिब्बे डिरेल
अधिकारियों ने बताया कि मालगाड़ी कैथल की ओर से आ रही थी। इसी दौरान कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के पास उसके 3 डिब्बे पटरी से उतर गए। अधिकारियों ने बताया कि पटरी से उतरने के कारण प्रभावित डिब्बों के पहियों को काफी नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों के मुताबिक इनमें से एक डिब्बा रेलवे के बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे ‘ओवरहेड’ बिजली आपूर्ति प्रणाली बाधित हो गई। ‘ओवरहेड’ बिजली आपूर्ति प्रणाली वह व्यवस्था है जिसके माध्यम से रेलवे की विद्युत चालित ट्रेनों को ऊपर लगे तारों से बिजली दी जाती है।
अधिकारियों ने चलाया मरम्मत अभियान
अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद वरिष्ठ रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद बचाव एवं मरम्मत का कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि रेलवे कर्मचारियों ने पटरियों और ‘ओवरहेड’ उपकरण लाइन का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया। बाद में रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पटरी को साफ कर दिया गया है। फिलहाल घटना की जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

सीएम सैनी ने स्पेशल ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
वहीं हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने आज कुरुक्षेत्र से एक स्पेशल ट्रेन को रवाना किया। सीएम सैनी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “कुरुक्षेत्र से भगवान शिव के प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ महादेव जी के दर्शन हेतु विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करना मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व की बात है। इस पावन यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं। सोमनाथ मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारत के स्वाभिमान और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

उन्होंने आगे कहा, “PM मोदी के नेतृत्व में तीर्थ स्थलों के विकास और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के माध्यम से देश अपनी जड़ों से पुनः जुड़ रहा है। इसी कड़ी में यह प्रयास श्रद्धालुओं को सुलभ तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान करता है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी श्रद्धालु आर्थिक कारणों से अपने आराध्य के दर्शन से वंचित न रहे। मैं सभी श्रद्धालुओं से आग्रह करता हूं कि भगवान सोमनाथ के समक्ष हरियाणा और देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करें।”

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed