पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ED की बड़ी रेड, केजरीवाल बोले- ‘घबराने की जरूरत नहीं, मुकाबला करेंगे’
प्रवर्तन निदेशालय की टीम पंजाब के जालंधर और लुधियाना तथा उत्तर प्रदेश के बरेली और दिल्ली-नोएडा इलाके में छापेमारी कर रही है। इस पर अब अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम आज पंजाब के आम आदमी पार्टी के नेता एवं मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मोबाइल फोन की बिक्री से संबंधित 100 करोड़ रुपये के जीएसटी धोखाधड़ी के सिलसिले में पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा और कुछ अन्य लोगों से जुड़े धन शोधन मामले में मंगलवार को नए सिरे से छापेमारी की कार्रवाई की। ईडी के अधिकारियों ने बताया कि पंजाब के जालंधर और लुधियाना तथा उत्तर प्रदेश के बरेली और दिल्ली-नोएडा इलाके में लगभग 6 परिसरों पर छापेमारी की जा रही है।
PMLA के तहत हो रही कार्रवाई
यह कार्रवाई ‘प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट’ के तहत चल रही जांच का हिस्सा है। जिन जगहों पर तलाशी ली गई, उनमें हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के मामले में जांच के दायरे में आए लोगों और संस्थाओं से जुड़े घर और बिज़नेस ऑफ़िस दोनों शामिल हैं।
न्यायिक हिरासत में हैं संजीव अरोड़ा
बता दें कि 62 वर्षीय संजीव अरोड़ा पिछले महीने चंडीगढ़ स्थित उनके आधिकारिक आवास पर दिनभर की छापेमारी के बाद केंद्रीय एजेंसी ने गिरफ्तार किया था। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
संजीव अरोड़ा के पास थे ये मंत्रालय
संजीव अरोड़ा पंजाब में विद्युत, उद्योग और वाणिज्य मंत्री थे। अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने उनके विभागों को अन्य मंत्रियों को आवंटित कर दिया था।
