Stock Market: RBI के बड़े फैसले से पहले झूम उठा शेयर बाजार! सेंसेक्स 300 अंक उछला, निफ्टी 23,500 के पार
भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को शानदार शुरुआत देखने को मिली। निवेशकों की नजरें भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक के नतीजों पर टिकी हैं। इसी उम्मीद के बीच बाजार में खरीदारी का माहौल बना और शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 300 अंक तक उछल गया।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) के ब्याज दरों पर आने वाले फैसले से ठीक पहले शेयर बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। कल की सुस्ती और उतार-चढ़ाव को पीछे छोड़ते हुए शुक्रवार, 5 जून की सुबह भारतीय शेयर बाजार ने शानदार बढ़त के साथ तूफानी शुरुआत की। बाजार खुलते ही सेंसेक्स करीब 300 अंक उछल गया और निफ्टी 23,500 के बेहद करीब पहुंच गया।
आरबीआई पॉलिसी के ऐलान से ठीक पहले आए इस उछाल ने बाजार के सेंटिमेंट को पूरी तरह से तेजी के जोन में ला दिया है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 302.58 अंक की मजबूती के साथ 74,662.59 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी भी 86.50 अंक की बढ़त लेकर 23,503.05 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। बाजार का शुरुआती ट्रेंड भी काफी मजबूत रहा, जहां करीब 223 शेयरों में तेजी देखी गई, जबकि केवल 95 शेयर लाल निशान पर खुले और 8 शेयरों की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ।
इन शेयरों में दिखी सबसे ज्यादा हलचल
निफ्टी पर आज सुबह अडानी एंटरप्राइजेज डॉ. रेड्डीज लैब्स, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक और अपोलो हॉस्पिटल्स के शेयरों में तेजी देखने को मिली। दूसरी तरफ, सिप्ला और कोल इंडिया जैसे हैवीवेट शेयरों में शुरुआती गिरावट दर्ज की गई।
आज फोकस में रहेंगे ये प्रमुख स्टॉक्स
1. इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो): इंडिगो ने अपने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में कुछ अस्थाई बदलाव करने का फैसला किया है। कंपनी ने बताया कि आगामी तिमाही में कमजोर मांग और लागत की कड़ी चुनौतियों को देखते हुए 1 जुलाई, 2026 से हांगकांग, शंघाई, हो ची मिन्ह सिटी, लांगकावी और क्राबी के लिए उसकी उड़ानें अस्थाई रूप से बंद रहेंगी। इस खबर के चलते आज इंडिगो के शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है।
2. एचडीएफसी एएमसी: म्यूचुअल फंड क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एचडीएफसी म्यूचुअल फंड ने अपने गोल्ड ईटीएफ और गोल्ड ईटीएफ फंड ऑफ फंड में एकमुश्त निवेश पर अस्थाई रूप से रोक लगा दी है। कंपनी ने इसके पीछे मौजूदा आर्थिक और बाजार की स्थितियों का हवाला दिया है, जिससे यह स्टॉक आज निवेशकों के रडार पर रहेगा।
3. ऑरोबिंदो फार्मा: फार्मा सेक्टर की इस दिग्गज कंपनी को टोफैसिटिनिब टैबलेट (5mg और 10mg) बनाने और बेचने के लिए अमेरिकी रेगुलेटर USFDA से अंतिम मंजूरी मिल गई है। यह दवा एक्सेलजंज टैबलेट के बराबर काम करती है, जिससे आज इस शेयर में अच्छी तेजी की उम्मीद है।
