दिल्ली होटल अग्निकांड LIVE: मैनेजर की तलाश जारी, लाइसेंस को लेकर बड़ा खुलासा, जानें लेटेस्ट अपडेट्स
दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में 21 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद आरोप प्रत्यारोप का भी दौर जारी है। होटल के मैनेजर की तलाश जारी है। वहीं लाइसेंस को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जानें घटना से संबंधित लेटेस्ट अपडेट…
मालवीय नगर अग्निकांड मामला: होटल के मालिक लवकेश बजाज की गिरफ्तारी के बाद अब दिल्ली पुलिस होटल के मैनेजर जय मिश्रा की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है। जिस Flourish Stay होटल में आग लगी थी और 21 लोगों की जलकर मौत हो गई थी, उस होटल को लेकर कई बड़े खुलासे हुए हैं। होटल के मालिक ने कथित तौर पर केवल चाय की दुकान (Tatkal Licence) के लिए आवेदन किया था। होटल को B&B (Bed & Breakfast) श्रेणी में केवल 6 कमरों के संचालन की अनुमति मिली थी। पुलिस के अनुसार, मालिक पर 26 कमरे संचालित करने का आरोप है। होटल की पहली मंजिल पर रेस्तरां और बेसमेंट में किचन भी चलाया जा रहा था। हादसे के बाद पुलिस, एमसीडी, पर्यटन विभाग और अन्य सरकारी एजेंसियों के बीच जिम्मेदारी को लेकर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं।
दिल्ली की सीएम ने बुलाई मीटिंग
दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने 12 बजे मंत्रियों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में मालवीय नगर अग्निकांड और ऐसे हादसों को कैसे रोका जाए इसपर भी चर्चा होगी। ये मीटिंग प्री कैबिनेट की बैठक जैसी ही है, जो पहले से पूर्व निर्धारित होती है।
दिल्ली के मेयर ने तीन दिन में जांच की रिपोर्ट मांगी
मालवीय नगर अग्निकांड मामले की जांच के लिए दिल्ली के मेयर परवेश वाही ने निगम कॉमिशनर को पत्र लिख कर दिए जांच के आदेश। निगम कॉमिशनर से उच्च स्तरीय जांच करने को कहा गया और 3 दिन में जांच की रिपोर्ट देने को कहा।निगम कॉमिशनर की हाई लेवल कमेटी जिन बिन्दुओ पर जांच कर रही है वो है-
1- जिस होटल में आग लगी उसके पास पर्याप्त लाइसेंस था या नही?
2- निगम के किन अधिकारियों की लापरवाही है?
3- कौन कौन संभावित विभाग के अधिकारी जिम्मेदार है?
4- निरीक्षण या सर्वे समय समय पर क्यों नही किया गया?
होटल में इंस्पेक्शन करने पहुंची दिल्ली नगर निगम की टीम
दिल्ली नगर निगम की टीम जिस होटल में आग लगी है इसकी इंस्पेक्शन करने के लिए पहुंची है। दिल्ली नगर निगम में अग्निकांड की जांच के आदेश दिए थे। मौके पर पहुंची दिल्ली नगर निगम की टीम स्पॉट की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर रही है।
