दिल्ली: रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 10 की मौत, बढ़ सकता है मौतों का आंकड़ा, मरने वालों में ज्यादातर दक्षिण अफ्रीकी-VIDEO
दिल्ली के मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में आग लग गई। इस आग की घटना में 10 लोगों की मौत हो गई। मौतों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
दिल्ली के मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। इस आग की घटना में 10 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। मरने वालों में ज्यादातर दक्षिण अफ्रीका के हैं। आग की घटना का शिकार हुए रेस्टोरेंट का नाम लेमन ग्रीन है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) को बुधवार सुबह 09:45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मचारियों ने रेस्टोरेंट के बेसमेंट से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्टोरेंट से निकाले गए लोगों को तुरंत ही एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि घायलों की हालत के बारे में विस्तृत जानकारी डॉक्टरों द्वारा अपनी रिपोर्ट जारी करने के बाद ही पता चलेगी।
नेहरू प्लेस (NRN) फायर स्टेशन के डिविजनल ऑफिसर (DO) रविंदर मौके पर मौजूद हैं। मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौजूद हैं। एक सीनियर दमकल अधिकारी ने बताया कि रेस्टोरेंट में लगी आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां तैनात की गईं हैं। आग पर काबू पा लिया गया है। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों द्वारा बिल्डिंग में बचे हुए लोगों की तलाश के लिए खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है। सोमनाथ भारती ने लिखा, ‘आज सुबह करीब 8:30 बजे मेरे विधानसभा क्षेत्र हौजरानी में एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। कई लोगों के हताहत होने की आशंका है। मरने वालों में अधिकतर दक्षिण अफ्रीकी नागरिक हैं।
