05 June, 2026 (Friday)

लखनऊ में सिगरेट पीने को लेकर भड़का विवाद, बीजेपी युवा मोर्चा के सदस्य की हत्या, ईट-पत्थरों से मारकर ले ली जान

लखनऊ में सिगरेट पीने को लेकर विभूतिखंड के क्लब के बाहर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान भाजपा के युवा नेता शिवम के साथ मारपीट की गई। अब शिवम की अस्पताल में मौत हो गई है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक क्लब के बाहर सिगरेट पीने को लेकर हुए मामूली विवाद में बीजेपी के एक युवा नेता की पीट पीट कर हत्या कर दी गई है। ये घटना लखनऊ के विभूतिखंड इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मृतक शिवम अयोध्या के भाजपा युवा मोर्चा जिला कमेटी का सदस्य थे और पार्टी करने अयोध्या से लखनऊ आए थे। क्लब के बाहर सिगरेट पीने को लेकर कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हुई, जिसके बाद शिवम के साथ मारपीट की गई। मारपीट के दौरान शिवम के दोस्त वहां से भाग गए। शिवम को अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया जहां इलाक के दौरान शिवम की मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
सामने आई जानकारी के अनुसार ये पूरी घटना लखनऊ के जलवा क्लब के बाहर रविवार देर रात की है। शिवम सिंह लखनऊ में अपने दोस्तों के साथ जलवा क्लब पहुंचे थे। अयोध्या से लखनऊ आए शिवम सिंह एक क्लब के बाहर सिगरेट पी रहे थे तभी कुछ युवक आए और उनसे सिगरेट मांगी। शिवम सिंह ने सिगरेट दे दी, फिर लड़कों ने दोबारा सिगरेट मांगी इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। शिवम सिंह वहां से चले गए। वह कुछ दूर गए ही थे कि तभी कुछ लड़के फिर वापस आए और शिवम सिंह के ऊपर ईंट-पत्थरों की बरसात कर दी। यही नहीं, युवक शिवम सिंह के ऊपर लगातार ईट से हमला करते रहे। स्थानीय लोग शिवम सिंह को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां शिवम सिंह की आज मौत हो गई।

पुलिस ने क्या एक्शन लिया?
लखनऊ के विभूतिखंड इलाके में भाजपा नेता की मौत के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। विभूतिखंड पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, शिवम सिंह की को ईंट और पत्थर से मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। उसके शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर हो गया था।
इधर, तालकटोरा इलाके में भी हंगामा
दूसरी ओर लखनऊ के तालकटोरा इलाके में बदमाशों ने सड़क पर जमकर तांडव मचाया। डी ब्लॉक पुलिया के पास पहले एक युवक की सरेआम पिटाई की गई। इसके बाद जो युवक पिट रहा था वो पास खड़े दूसरे युवक को ताबड़तोड़ बेल्ट से पीटने लगता है। इस दौरान लगातार भद्दी-भद्दी गालियां दी जा रही थी। किसी ने इस घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, पिटाई करने की वजह का अब तक पता नहीं चल सका है। ना ही ये साफ हो पाया है कि पीड़ित युवक कौन था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *