05 June, 2026 (Friday)

मुंबई की सोसायटी में कुर्बानी वाले बकरों को लेकर बवाल, युवक पर ब्लेड से हमला; BJP नेता किरीट सोमैया पहुंचे

मुंबई में मीरा रोड स्थित एक सोसायटी के अंदर बकरा बांधने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बड़ा हो गया है। हिंदू-मुस्लिम पक्ष आमने-सामने आ गए हैं।
मुंबई के मीरा रोड में बकरीद से पहले एक बार फिर हंगामा हो गया है। मीरा रोड स्थित पूनम एस्टेट क्लस्टर-1 कॉम्प्लेक्स की एक सोसायटी में बकरी ईद के लिए लाए गए बकरों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब और बढ़ गया है। सोमवार को दिनभर सोसायटी परिसर में हंगामे का माहौल बना रहा, वहीं रात में भी तनाव जारी रहा। इसी दौरान हर्ष सिंह नामक युवक पर अज्ञात व्यक्ति ने ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ पर चोट आई है। इस मामले में काशीमीरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है।

BJP नेता किरीट सोमैया ने क्या कहा?
भाजपा नेता किरीट सोमैया भी मीरा नगर की पूनम एस्टेट क्लस्टर 1 सोसाइटी में पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सोसायटी के लोगों से मुलाकात हुई। अगर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और पुलिस ने अंदर बकरे रखने की परमिशन दी है तो इसकी जांच होगी। आधे बकरे हटा लिए गए हैं और आधे हटा लिए जाएंगे। उन्होंने कहा, ”ये हिंदुओं को डराने की साजिश है। सोसायटी में बकरा कटने नहीं देंगे, पुलिस प्रशासन ने अलग व्यवस्था की है।”

हिंदुवादी संगठनों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया
घटना के बाद मंगलवार को कुछ हिंदुत्ववादी संगठनों के कार्यकर्ता सोसायटी के मुख्य गेट के बाहर जमा हुए। यहां उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया और जोरदार नारेबाजी भी की। इस दौरान परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। फिलहाल काशीमीरा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

कैसे शुरू हुआ विवाद?
कल दोपहर एक सोसायटी के अंदर बकरा बांधने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बड़ा हो गया है। हिंदू-मुस्लिम पक्ष आमने-सामने आ गए हैं। हिंदू पक्ष सोसाइटी से बकरा हटाने की मांग कर रहा है। दरअसल, सोसायटी में रहने वाले मुस्लिम समाज के लोगों ने कुर्बानी के लिए सोसायटी में शेड बनाया जिसका हिंदू पक्षों ने विरोध किया। बाद में नगरपालिका ने शिकायत के बाद शेड को गिरा दिया। हिंदू पक्ष का आरोप है कि शेड गिराने के बाद कुछ लोगों ने उसे फिर से बांधने का काम शुरू कर दिया जिसके बाद दोनों गुटों में देर रात जमकर बवाल हुआ और अब फिर हंगामा हो रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *