06 June, 2026 (Saturday)

30 साल बाद भारत लौटी सुपरस्टार हीरोइन, कभी माधुरी दीक्षित पर पड़ी भारी, अब छोटे-मोटे रोल के लिए भी तरसी

80-90 के दशक की टॉप एक्ट्रेस, जिसने कभी माधुरी दीक्षित को भी शानदार एक्टिंग के जरिए पीछे छोड़ दिया था, अब एक बार फिर बॉलीवुड में वापसी करने के लिए तैयार हैं
1980 और 1990 के दशक की मशहूर और शीर्ष अभिनेत्रियों में शुमार मीनाक्षी शेषाद्रि ने दशकों तक बड़े पर्दे से दूर रहने के बाद अभिनय की दुनिया में वापसी करने की इच्छा जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए प्रशंसकों को यह जानकारी दी कि वह करीब 30 वर्षों के बाद वापस भारत शिफ्ट हो गई हैं और इस समय फिल्म इंडस्ट्री में काम के अच्छे अवसरों की तलाश कर रही हैं। सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए मीनाक्षी ने कहा कि वह अपनी कर्मभूमि मुंबई वापस लौट आई हैं। उन्होंने अपने फॉलोअर्स को उनके निरंतर प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि वह पूरी उम्मीद, जुनून और सकारात्मकता के साथ एक बार फिर मनोरंजन उद्योग में कदम रख रही हैं।

किसी एजेंसी के बिना खुद संभाल रही हैं काम
अपनी आगामी योजनाओं के बारे में बात करते हुए मीनाक्षी ने स्पष्ट किया कि वह ऐसी भूमिकाओं की तलाश में हैं जो ‘सार्थक’ और प्रभावशाली हों। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह मायने नहीं रखता कि भूमिका मुख्य किरदार की है, सहायक कलाकार की है या फिर किसी छोटे शो की, बशर्ते वह किरदार दमदार होना चाहिए। वह फिल्मों और ओटीटी (OTT) दोनों ही माध्यमों पर ऐसे किरदारों को तलाश रही हैं जो एक कलाकार के रूप में उन्हें चुनौती दे सकें। अभिनेत्री ने यह भी खुलासा किया कि भारत लौटने के बाद उन्हें कई प्रस्ताव मिले, लेकिन उनमें से कुछ उतने रोमांचक नहीं थे और कुछ पर बात आगे नहीं बढ़ पाई। वर्तमान में वह बिना किसी पीआर या टैलेंट एजेंसी के सहयोग के अपनी इस नई यात्रा को खुद ही संभाल रही हैं।
\बोस्टन से फैंस के नाम संदेश और बेटे का ग्रेजुएशन
मीनाक्षी ने इस वीडियो पोस्ट के साथ एक विशेष संदेश भी लिखा, जिसे उन्होंने अमेरिका के बोस्टन शहर से साझा किया था। उन्होंने बताया कि वह इस समय अपने परिवार के साथ हैं और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से अपने बेटे के ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी होने का जश्न मना रही हैं। छुट्टियों के बाद वह वापस भारत में अपने काम पर ध्यान केंद्रित करेंगी। प्रशंसकों से दुआओं और शुभकामनाओं की अपील करते हुए उन्होंने लिखा, ‘न जाने किसकी दुआ से मुझे कोई अच्छा मौका मिल जाए।’ उनकी इस घोषणा के बाद कमेंट सेक्शन में फैंस ने उन पर जमकर प्यार बरसाया। कई प्रशंसकों ने उन्हें जल्द ही बड़े पर्दे पर देखने की इच्छा जताई तो किसी ने उन्हें अक्षय कुमार जैसे बड़े सितारों के साथ काम करने की सलाह दी।

ऐसा रहा है मीनाक्षी का फिल्मी सफर
मीनाक्षी शेषाद्रि ने अपने अभिनय सफर की शुरुआत साल 1983 में फिल्म ‘पेंटर बाबू’ से की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान सुभाष घई की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘हीरो’ से मिली, जिसमें वह जैकी श्रॉफ के अपोजिट नजर आई थीं। इसके बाद उन्होंने ‘घायल’, ‘शहंशाह’, ‘मेरी जंग’ और ‘घातक’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया। उनके करियर का सबसे बेहतरीन और यादगार अभिनय 1993 में आई फिल्म ‘दामिनी’ में देखा गया, जहा न्याय के लिए लड़ने वाली एक मजबूत महिला के किरदार में उनके अभिनय को समीक्षकों की जबरदस्त सराहना मिली थी। अपने करियर के चरम पर मीनाक्षी ने बिजनेसमैन हरीश मैसूर से शादी करने के बाद फिल्म इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया था और अमेरिका जाकर बस गई थीं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *