05 June, 2026 (Friday)

VIDEO: केन-बेतवा प्रोजेक्ट को लेकर प्रदर्शन हुआ हिंसक, उपद्रवियों ने बरसाए पत्थर; तहसीलदार की गाड़ी भी तोड़ी

छतरपुर में Ken-Betwa Link Project के विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया, जब स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन की टीमों पर पत्थरबाजी की। तोड़फोड़ के दौरान, उपद्रवियों ने तहसीलदार की गाड़ी भी तोड़ दी।
Ken Betwa Project Protest: मध्य प्रदेश के छतरपुर में Ken-Betwa Link Project को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन उस वक्त हिंसक हो गया, जब प्रशासन की तरफ से चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान पुलिस और लोकल लोगों के बीच टकराव हो गया। इसके बाद, प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और पुलिस की टीमों पर जमकर पत्थर बरसाए। इस वारदात में कई सरकारी और प्राइवेट गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।

अतिक्रमण हटाने पहुंची थी पुलिस-प्रशासन की टीम
जानकारी के अनुसार, प्रशासन की टीम प्रोजेक्ट से प्रभावित इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने गई थी। इसी दौरान, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और एक्शन का विरोध करने लगे। फिर, देखते ही देखते उनका विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। इस बीच, कुछ लोगों ने हाथों में पत्थर उठाए और उन्हें पुलिस टीम पर फेंकना शुरू कर दिया। हालांकि, हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और भीड़ को खदेड़ा।
क्यों फूटा ग्रामीणों का गुस्सा?
चश्मदीदों के मुताबिक, प्रदर्शनकारी केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण और विस्थापन की खिलाफत कर रहे थे। ग्रामीणों के आरोप के मुताबिक, उन्हें पुनर्वास और उचित मुआवजे की स्पष्ट व्यवस्था नहीं दी गई है। लोगों का गुस्सा इसी नाराजगी के कारण प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान फूटा।

उपद्रवियों ने तहसीलदार की गाड़ी भी तोड़ी
बता दें कि हिंसा के दौरान कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। वीडियो में दिखा कि तहसीलदार की गाड़ी को भी प्रदर्शनकारियों ने तोड़ दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि हालात को काबू में रखा जा सके। प्रशासन की टीम ने लोगों से मौके पर शांति बनाए रखने का आह्वान किया है।

फिलहाल, पुलिस इस पूरे केस की जांच में जुटी है और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट को लेकर इलाके में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *