05 June, 2026 (Friday)

“शुभेंदु अधिकारी ने 5000 TMC कार्यकर्ताओं की जान बचाई”, तृणमूल कांग्रेस के निलंबित नेता रिजु दत्ता का बड़ा दावा

तृणमूल कांग्रेस से निलंबित नेता रिजु दत्ता के सुर अचानक बदल गए हैं और उन्होंने बीजेपी नेता और सीएम शुभेंदु अधिकारी की तारीफों के पुल बांधने शुरू कर दिए हैं।
कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के निलंबित नेता रिजु दत्ता के सुर बदले-बदले लग रहे हैं। उन्होंने बीजेपी नेता और नव निर्वाचित सीएम शुभेंदु अधिकारी की जमकर तारीफ की है और एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा, “शुभेंदु अधिकारी ने कम से कम 5000 तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जान बचाई है।” रिजु दत्ता ने क्या कहा?
रिजु दत्ता ने कहा, “शुभेंदु अधिकारी को सीएम बने केवल 2 दिन हुए हैं। इन 2 दिनों में ही उन्होंने कम से कम 5,000 तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जान बचाई है। सीएम पद की शपथ लेने से पहले 6 मई को उनके PA की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अगर उस दिन हॉस्पिटल से निकलकर शुभेंदु अधिकारी बोलते कि अब बंगाल में बदला लिया जाएगा तो उस रात बंगाल में 5000 तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का खून हो जाता।”

रिजु दत्ता ने कहा, “शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि कोई कानून हाथ में नहीं लेगा। हम इस मामले को देख रहे हैं। आप लोग शांति बनाकर रखिए। शुभेंदु अधिकारी ने 5000 तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जान बचाई है। इसलिए मैं उनको सलाम करता हूं।”

एक बंगाली के रूप में मैं कहता हूं कि बंगाल की जनता ने उन्हें सीएम बनाया है। अब हम भी नजर रखेंगे कि वो अपने वादे को निभाते हैं या नहीं। हम देखेंगे कि वो बंगाल में हिंसा को रोकते हैं या नहीं। हम देखेंगे कि वो औरतों को सुरक्षा देते हैं या नहीं। हम देखेंगे कि वो गुंडों को जेल में डालते हैं या नहीं। अगर वो ऐसा नहीं करेंगे, तो मैं तो तृणमूल में नहीं हूं लेकिन बंगाली होने के नाते मैं ये प्रश्न उनसे करूंगा। क्योंकि आज वो बीजेपी के नेता नहीं हैं, वो बंगाल के मुख्यमंत्री हैं। मेरे भी मुख्यमंत्री हैं।”

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को भारी बहुमत से जीत मिली है और टीएमसी को हार का सामना करना पड़ा है। जहां इस चुनाव में बीजेपी को 207 सीटें मिली हैं, वहीं टीएमसी को 80 सीटें ही मिली हैं। इस चुनाव में बीजेपी को स्पष्ट बहुमत मिला है, जिसके बाद शुभेंदु अधिकारी को राज्य का सीएम बनाया गया है। ये जीत बीजेपी के लिए वाकई बहुत महत्व रखती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *