05 June, 2026 (Friday)

IPL मैच देखकर लौट रहे 2 दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, कुछ दिन पहले ऐसे ही गई थी 2 भाइयों की जान

दिल्ली के खजूरी खास फ्लाईओवर के पास IPL मैच देखकर लौट रहे 2 दोस्तों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इससे पहले दिल्ली में ऐसे ही हादसे में दो भाइयों की जान जा चुकी है।
नई दिल्ली: दिल्ली में IPL मैच देखकर घर लौट रहे 2 दोस्तों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास फ्लाईओवर के पास देर रात हुआ। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक बाइक से घर लौट रहे थे, तभी फ्लाईओवर से नीचे उतरते ही तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान हेमंत तिवारी और रोहित उर्फ सोनू के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी कार चालक हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया है।
कुछ दिन पहले हुई थी 2 भाइयों की मौत
बता दें कि इससे पहले 28 अप्रैल को दिल्ली के अशोक रोड पर भी ऐसा ही एक हादसा हुआ था, जिसमें 2 लोगों की जान चली गई थी। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई थे और IPL मैच देखकर घर लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे छोटा भाई अभव अपने पिता से फोन पर बात कर रहा था और बता रहा था कि वे आधे घंटे में घर पहुंच जाएंगे। लेकिन उसी दौरान हादसा हो गया और दोनों भाइयों की जान चली गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह मामला भी हिट एंड रन का लग रहा था। घटना के बाद दोनों सड़क पर बेहोशी की हालत में मिले, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

CCTV फुटेज की जांच से पता चलेगा सच!
मृतकों की पहचान 20 साल के यज्ञ भाटिया, जो बीएससी का छात्र था, और उसके छोटे भाई 14 साल के स्कूली छात्र अभव भाटिया के रूप में हुई थी। पुलिस ने बताया कि मौके पर जिला अपराध टीम को बुलाया गया और फॉरेंसिक जांच भी कराई गई। शवों को RML अस्पताल की मोर्चरी में भेजा गया था। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया था और आसपास लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज की जांच करके हादसे को अंजाम देने वाले ट्रक का पता लगा लिया था। पुलिस ने बाद में इस मामले में फरार ट्रक ड्राइवर को ट्रेस करके बिहार से गिरफ्तार कर लिया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *