05 June, 2026 (Friday)

कूल-कूल हुआ मई का महीना! तेज आंधी के साथ होगी बारिश, कई इलाकों में गिरेंगे ओले, दिल्ली-NCR के लिए येलो अलर्ट जारी

Delhi Weather Updates: दिल्ली-एनसीआर में अभी बारिश का दौर थमा नहीं है। मौसम विभाग ने बताया कि अभी दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश होगी।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार शाम बारिश हुई। दिल्ली के कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है। मई के मौसम में लोगों को गर्मी से राहत मिल गई है। मंगलवार को कई हिस्सों में ओलावृष्टि और आंधी के साथ बारिश के चलते तापमान में तेज गिरावट आई है। शहर की हवा इस साल की सबसे साफ दर्ज की गई। द्वारका और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सहित कई इलाकों में ओले गिरे हैं।
रात में होनी है बारिश
स्काइमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि हाल के दिनों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिससे आज रात (मंगलवार-बुधवार) हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगले एक सप्ताह तक लू चलने की आशंका कम है। इसलिए लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

येलो अलर्ट जारी, ठंडा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में अभी ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग ने रात के दौरान बारिश की संभावना जताई है। साथ ही दिल्ली के कुछ इलाकों ओले गिरने का भी अनुमान जताया है। इसके चलते बुधवार सुबह भी मौसम ठंडा बना रहेगा। दिन के समय हल्के बादल और धूप रहेगी। इस दौरान ठंडी हवाएं भी चलती रहेंगी।

जानिए दिल्ली में कहां-कहां कितनी हुई बारिश?
दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच पालम में 9.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि आया नगर में 1.4 मिमी बारिश हुई। सफदरजंग में केवल हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि लोधी रोड और रिज क्षेत्र में इस अवधि के दौरान बारिश नहीं हुई। सुबह साढ़े आठ बजे तक के आंकड़ों में रिज में 11.9 मिमी, लोधी रोड में 6.1 मिमी और सफदरजंग में 4.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पालम में हल्की और आया नगर में बारिश नहीं हुई।

जानिए दिल्ली के अलग-अलग इलाकों का तापमान
सफदरजंग में 33.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 5.7 डिग्री कम), पालम में 32.8 डिग्री (7.3 डिग्री कम), लोधी रोड में 32.2 डिग्री (5.8 डिग्री कम), रिज में 32.8 डिग्री (7.2 डिग्री कम) और आया नगर में 32.8 डिग्री (8 डिग्री कम) तापमान दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कम रहा। सफदरजंग में 19.6 डिग्री (5.1 डिग्री कम), पालम में 21.1 डिग्री (4.5 डिग्री कम), लोधी रोड में 18.6 डिग्री (4.4 डिग्री कम), रिज में 17.7 डिग्री (7.3 डिग्री कम) और आया नगर में 22.4 डिग्री (1.2 डिग्री कम) दर्ज किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *