06 June, 2026 (Saturday)

जिम मालिक ने महिला डॉक्टर से बार-बार किया रेप, ड्रिंक में मिलाता था नशीला पदार्थ; पुलिस ने पकड़ा

जिम में मालिक अकरम बेग ने महिला डॉक्टर को प्री-वर्कआउट ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बार-बार रेप किया। उसने सीसीटीवी में वीडियो बनाकर भाई आलम बेग के साथ ब्लैकमेलिंग कर लाखों रुपये ऐंठे।
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में सिविल लाइंस क्षेत्र के मुख्य डाकघर के पास स्थित ‘अल्टीमेट फिटनेस क्लब’ जिम में एक महिला डॉक्टर के साथ रेप और ब्लैकमेलिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने इस केस में जिम संचालक अकरम बेग और उसके भाई आलम बेग को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, महिला ने 2 साल पहले थाना कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस में स्थित अल्टीमेट फिटनेस क्लब जिम जॉइन किया था। आरोपी अकरम जिम का मालिक और ट्रेनर था और उसका भाई आलम भी संचालन में शामिल था।
वर्कआउट से पहले पिलाता था नशीला ड्रिंक
पुलिस ने बताया कि मई 2024 से अकरम खान ने महिला को तेजी से वजन घटाने के नाम पर प्री-वर्कआउट ड्रिंक पिलाना शुरू किया। इस ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाया जाता था। नशे की हालत में आरोपी अकरम जिम के अंदर बने प्राइवेट कमरे में महिला के साथ दुष्कर्म करता था और इस पूरी घटना को सीसीटीवी कैमरे से रिकॉर्ड कर लिया जाता था। आरोप हैं कि जिम संचालक द्वारा बाद में इन वीडियो के आधार पर महिला को ब्लैकमेल किया जाने लगा।ब्लैकमेल करके की लाखों रुपये की वसूली
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी इन अश्लील वीडियो के जरिए महिला से लगातार वसूली करते रहे। जब महिला ने दूरी बनानी शुरू की तो आरोपी उसके बच्चों का पीछा करने लगे, उनकी फोटो खींचते और परिवार को जान से मारने की धमकी देते। हाल ही में अकरम ने पहले 10 लाख रुपये और फिर 50 लाख रुपये की मांग की। इससे परेशान होकर महिला ने 4 मई की देर रात कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने 3 टीमों का गठन किया और 5 मई की सुबह अकरम बेग को गिरफ्तार कर लिया गया।

अकरम के पेन ड्राइव में मिले अश्लील वीडियो
पुलिस के मुताबिक, अकरम बेग की निशानदेही पर जिम से पेन ड्राइव बरामद की गई जिसमें अश्लील वीडियो थे। आरोपी का मोबाइल फोन, कई शक्तिवर्धक दवाएं, टेस्टोस्टेरोन बूस्टर, सिरिंज और महिला से वसूले गए 10,000 रुपये भी बरामद किए गए। पूछताछ में पता चला कि वीडियो की एक कॉपी अकरम ने अपने भाई आलम बेग को भी दी हुई थी। दोपहर में आलम को भी गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से भी पेन ड्राइव तथा मोबाइल बरामद किया गया। सभी इलेक्ट्रॉनिक सबूत पुलिस ने सुरक्षित कर लिए हैं।

गिरफ्तारी के बाद माफी मांगने लगा आरोपी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तारी के समय आरोपी अकरम बेग ने कहा, ‘गलती हो गई।’ वह हवालात से निकलते वक्त लंगड़ाते हुए नजर आया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि आरोपी महिला को डराने-धमकाने के लिए उसका पीछा करते थे और बच्चों की लोकेशन तक की जानकारी रखते थे, जिससे पीड़िता लगातार मानसिक दबाव में रही। पुलिस ने सभी सबूत कब्जे में ले लिए हैं और मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *