05 June, 2026 (Friday)

बंगाल चुनावः ‘दीदी जाने वाली हैं, बीजेपी आने वाली है’, अमित शाह का दावा, बोले-भाजपा को पहले चरण में भारी बढ़त

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कल, 2026 के बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए मतदान के पहले चरण में सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए बंगाल की जनता ने बंगाल में बदलाव के लिए अभूतपूर्व उत्साह और जोश के साथ मतदान किया। मतदाताओं की यह भागीदारी देश भर में उन लोगों के लिए उत्साहजनक है जो लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं।
कोलकाताः केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के सीनियर नेता अमित शाह ने कोलकात में प्रेस कांफ्रेस की। अमित शाह ने कहा बंगाल में कल पहले चरण में भारी मतदान हुआ। चुनाव के पहले चरण में किसी की भी जान नहीं गई और यह सुनिश्चित करने के लिए मैं निर्वाचन आयोग और सुरक्षा बलों को धन्यवाद देता हूं। मैं बंगाल के उन सभी मतदाताओं को बधाई और धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने पहले चरण में अपने मत डाले। आपने डर से विश्वास तक की यात्रा की शुरुआत इतनी सफलतापूर्वक की है और दूसरे चरण के मतदाता भी डर से विश्वास तक की इस यात्रा को जारी रखेंगे।
पहले चरण में बीजेपी को भारी बढ़तः शाह

अमित शाह ने कहा कि पहले चरण में बीजेपी को भारी बढ़त मिली है। इसका मुझे फीडबैक मिला है। अमित शाह ने दावा किया कि बीजेपी पहले चरण में 152 सीटों में से 110 सीटें जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण को मिलाकर हम बहुमत की सरकार बनाने जा रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि बंगाल से दीदी जाने वाली हैं, बीजेपी आने वाली है। भय जाने वाला है, भरोसा आने वाला है।

बंगाली व्यक्ति ही बनेगा बीजेपी का सीएम

गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया कि बंगाल में चुनाव जीतने के बाद कोई बाहरी व्यक्ति मुख्यमंत्री नहीं बनेगा। बीजेपी बंगाल का सीएम उसी को बनाएगी, जो बंगाल में जन्म लिया होगा। बंगाली बोलने वाला होगा और बंगाल के लिए ही काम करने वाला होगा। शाह ने कहा कि बंगाल में इस बार टीएमसी की सरकार नहीं बनने वाली है। ममता के भतीजे कभी बंगाल के सीएम नहीं बन पाएंगे। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस का सत्ता से बाहर जाना तय है। भाजपा बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।

भ्रष्टाचार के आरोपों की होगी जांच

गृह मंत्री ने यह भी कहा कि बंगाल में सरकार बनने पर बीजेपी टीएमसी के भ्रष्ट्राचार की जांच कराएगी। सभी भ्रष्टाचार के आरोपों की सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज से जांच कराएंगे और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हम अपराधियों के सिंडिकेट को समाप्त कर देंगे। महिला सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता होगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *