गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों का ऐलान, 9992 सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान, 28 को आएंगे नतीजे
Gujarat Local Body Elections 2026: गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों की घोषणा हुई है, जिसमें 9992 सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान और 28 अप्रैल को मतगणना होगी। इन सीटों के लिए नामांकन 6 से 11 अप्रैल तक होंगे। गुजरात की सत्ता पर काबिज बीजेपी के लिए यह चुनाव अहम माने जा रहे हैं।
Gujarat Local Body Elections 2026: गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों की तारीखों का ऐलान हो गया है। राज्य में कुल 9992 सीटों के लिए 26 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा जबकि मतगणना 28 अप्रैल को होगी। आवश्यकता पड़ने पर 27 अप्रैल को पुनर्मतदान भी किया जाएगा। पूरी चुनाव प्रक्रिया 30 अप्रैल से पहले समाप्त कर ली जाएगी। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक, नामांकन प्रक्रिया 6 अप्रैल से शुरू होगी और 11 अप्रैल तक उम्मीदवार अपने नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 13 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 15 अप्रैल नाम वापस लेने की अंतिम तारीख तय की गई है।
बीजेपी की सरकार के लिए लिटमस टेस्ट
स्थानीय निकाय चुनावों को बीजेपी के लिए लिटमस टेस्ट माना जा रहा है। गुजरात की सत्ता में करीब 3 दशक से काबिज बीजेपी के सामने कांग्रेस के साथ-साथ आम आदमी पार्टी के रूप में नई चुनौती खड़ी हो रही है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी के लिए ये चुनाव बेहद अहम माने जा रहे हैं। चुनाव की घोषणा के साथ ही 1 अप्रैल की शाम से आचार संहिता लागू कर दी गई है, और अब विभिन्न दलों के द्वारा चुनाव प्रचार तेज किए जाने की पूरी उम्मीद है।
गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव: अहम तिथियां
1 अप्रैल: आचार संहिता लागू
6 अप्रैल: नामांकन प्रक्रिया शुरू
11 अप्रैल: नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख
13 अप्रैल: नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी)
15 अप्रैल: नाम वापस लेने की अंतिम तारीख
26 अप्रैल (सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक): मतदान
27 अप्रैल: आवश्यकता पड़ने पर पुनर्मतदान (री-पोलिंग)
28 अप्रैल: मतगणना
30 अप्रैल से पहले: पूरी चुनाव प्रक्रिया समाप्त
किन निकायों में कितनी सीटों पर चुनाव?
इस बार चुनाव में विभिन्न स्थानीय निकायों की सीटें शामिल हैं। आइए, आपको बताते हैं कि इस बार किस निकाय की कितनी सीटों पर चुनाव होना है:
नगर निगम: 1,044 सीटें
नगर पालिका: 2,624 सीटें
जिला पंचायत: 1,090 सीटें
तालुका पंचायत: 5,234 सीटें
राज्य में कुल 34 जिला पंचायतों में चुनाव होंगे, जिनमें नया बना वाव-थराड जिला भी शामिल है। इनमें से 26 जिला पंचायतों में नई डिलिमिटेशन लागू की गई है।
17 में से 15 नगर निगमों में होंगे चुनाव
इस बार गुजरात की कुल 17 नगर निगमों में से 15 में चुनाव होंगे। जूनागढ़ और गांधीनगर नगर निगम को इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है। वहीं, 84 नगर पालिकाओं में चुनाव होंगे, जिनमें 7 नई नगर पालिकाएं शामिल हैं और 14 में नई सीमांकन प्रक्रिया लागू की गई है। तालुका पंचायतों की बात करें तो 263 में से 260 में चुनाव होंगे। कापडवंज, कथलाल और गांधीनगर में पहले ही चुनाव हो चुके हैं। इनमें से 109 को छोड़कर बाकी सभी तालुका पंचायतों में नई सीमांकन व्यवस्था लागू की गई है। इसके अलावा 11 नगर पालिकाओं की 13 खाली सीटों पर उपचुनाव भी कराए जाएंगे।
क्या कहता है मतदाताओं का आंकड़ा?
गुजरात में इन चुनावों में कुल 4.19 करोड़ मतदाता हिस्सा लेंगे। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 2.16 करोड़ और महिला मतदाताओं की संख्या 2.02 करोड़ है। विभिन्न निकायों के अनुसार मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है:
नगर निगम: 1.10 करोड़ मतदाता
नगर पालिका: 33.66 लाख मतदाता
तालुका पंचायत: 2.74 करोड़ से अधिक मतदाता
इस तरह राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव आयोग ने सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराया जा सके।
