05 June, 2026 (Friday)

Nazira Assembly Election: असम की नाजिरा सीट पर कांग्रेस के देबब्रत सैकिया और भाजपा के मयूर बोरगोहेन में मुकाबला, जानें समीकरण

असम की नाजिरा सीट पर कांग्रेस के देबब्रत सैकिया और भाजपा के मयूर बोरगोहेन में मुकाबला, जानें समीकरण
असम में विधानसभा चुनाव अब काफी नजदीक हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने अपना चुनाव अभियान तेज कर दिया है और धुंआधार प्रचार जारी है। आपको बता दें कि असम में 126 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव का आयोजन एक ही चरण में आगामी 9 अप्रैल किया जाएगा। वहीं, चुनाव के परिणाम 4 मई को जारी किए जाएंगे। चुनाव प्रचार के बीच असम की नाजिरा सीट पर सभी सियासी दलों की नजरें टिकी हुई हैं। बता दें कि इस सीट पर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधी और कड़ी टक्कर है।

नाजिरा सीट के बारे में जानिए
नाजिरा सीट असम की 126 विधानसभा सीटों में से एक है और इसका निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 97 है। नाजिरा एक सामान्य श्रेणी की सीट है जो कि एससी या एसटी वर्ग के लिए आरक्षित नहीं है। नाजिरा सीट असम की जोरहाट लोकसभा क्षेत्र के तहत आती है। नाजिरा में ज्यादातर इलाका ग्रामीण है। चुनाव आयोग के डेटा के मुताबिक, साल 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान नाजिरा सीट पर 1,10,210 मतदाता थे। इनमें से 54,542 पुरुष और 54,618 महिला मतदाता थे। तीसरे लिंग का कोई मतदाता नहीं था। इस निर्वाचन क्षेत्र में 1,050 डाक मत डाले गए। साल 2021 में नाजिरा में 82.26 प्रतिशत वोटिंग हुई थी।

कौन-कौन हैं उम्मीदवार?
असम की नाजिरा विधानसभा सीट पर बीते लंबे समय से कांग्रेस पार्टी का दबदबा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने इस सीट से एक बार फिर से देबब्रता सैकिया को चुनाव मैदान में उतारा है। तो वहीं, भाजपा ने सैकिया के खिलाफ मयूर बोरगोहेन को टिकट देकर मैदान में उतारा है। 2021 में मयूर बोरगोहेन मात्र 683 वोटों के अंतर से देबब्रता सैकिया से चुनाव हारे थे। बता दें कि साल 2011, 2016 और 2021 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, के देबब्रता सैकिया ने ही नाजिरा से जीत हासिल की थी। अब वह चौथी बार जीत की उम्मीद में चुनाव मैदान में हैं।

नाजिरा में इस बार कड़ी होगी टक्कर
नाजिरा सीट लंबे समय से पूर्व मुख्यमंत्री हितेश्वर सैकिया के परिवार का गढ़ है। वह इस सीट से 5 बार विधायक रहे थे। उनकी पत्नी भी दो बार नाजिरा से विधायक रहीं। इसके अलावा बीते 3 चुनाव से देबब्रत सैकिया नाजिरा सीट पर कब्जा जमाए हुए हैं। हालांकि, बीते चुनाव के हार-जीत का अंतर देखें तो ये साफ-साफ कांग्रेस और भाजपा के बीच करीबी मुकाबला देखने को मिला था। ऐसे में माना जा रहा है कि इस बार भाजपा नाजिरा में कांग्रेस को कड़ी टक्कर दे सकती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *