LPG संकट में राहत: 2 बड़े जहाज होर्मुज से रवाना, एक आज मुंद्रा पोर्ट पहुंचेगा
देश में रसोई गैस की कमी से परेशान लोगों के लिए आज राहत की खबर है. सरकार ने पुष्टि की है कि दो बड़े जहाज, जिनमें कुल 94 हजार मीट्रिक टन LPG भरा हुआ है, भारत के लिए रवाना हैं. इनमें से एक जहाज आज ही गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर पहुंचने वाला है, जबकि दूसरा अप्रैल में आएगा. इन जहाजों की सुरक्षा भारतीय नौसेना कर रही है. इतनी बड़ी खेप आने से LPG की किल्लत कम होने की उम्मीद है और गैस के लिए लंबी लाइनें भी कम होंगी.
इसी बीच तेल और गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने केरोसिन की आपूर्ति के नियमों में भी ढील दी है. अब 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अगले 60 दिनों तक हर जिले में दो सार्वजनिक पेट्रोल पंपों पर केरोसिन उपलब्ध होगा.
नए नियमों के तहत
पेट्रोल पंपों पर अधिकतम 5 हजार लीटर केरोसिन रखी जा सकेगी.
इसका इस्तेमाल सिर्फ खाना बनाने और रौशनी के लिए ही होगा.
स्टॉक और वितरण का पूरा रिकॉर्ड रखना जरूरी होगा.
प्रशासनिक एजेंसियां कभी भी जांच कर सकती हैं.
केरोसिन सप्लाई करने वाले एजेंट और डीलरों को कुछ लाइसेंस से छूट दी गई है.
सरकार ने साफ किया है कि देश में तेल और गैस का स्टॉक पर्याप्त है. यह कदम सिर्फ लोगों की सुविधा और अफवाह फैलाने वालों को रोकने के लिए लिया गया है.
वहीं, भोपाल में खाद्य विभाग ने कुछ व्यक्तियों को पकड़ा जिन्होंने 59 सिलेंडर छिपा रखे थे. लखनऊ में पेट्रोल पंप पर गैस की आपूर्ति बहाल कर दी गई है, और पुलिस निगरानी में सिलेंडर बांटे जा रहे हैं. आज एक नया LPG टैंकर आने से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
