06 June, 2026 (Saturday)

ईरानी हमले में कुवैत का संयंत्र क्षतिग्रस्त, भारतीय कर्मचारी की मौत

ईरान ने कुवैत में स्थित एक बिजली और जल शोधन संयंत्र के सेवा भवन पर हमला किया है. इस हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई. कुवैत के बिजली, जल और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने सोमवार सुबह इस घटना की पुष्टि की.

ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, यह हमला रविवार, 29 मार्च 2026 की शाम को हुआ. मंत्रालय की प्रवक्ता इंजीनियर फातिमा अब्बास जौहर हयात ने बताया कि भवन को गंभीर नुकसान पहुंचा है. मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर मृतक कर्मचारी के प्रति शोक व्यक्त किया, हालांकि उनकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है.
जनता से शांति बनाए रखने की अपील
हमले के बाद सुरक्षा बल तुरंत सक्रिय हो गए और प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की गई. मंत्रालय ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है.

वहीं, कुवैत सरकार ने भरोसा दिलाया है कि बिजली और पानी की सेवाओं की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है. तकनीकी टीमें लगातार काम कर रही हैं ताकि सेवाओं में कोई रुकावट न आए और नागरिकों को सुविधाएं सही ढंग से मिलती रहें. इससे पहले, अबू धाबी में एक ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल को रोकते समय उसके मलबे के गिरने से तीन जगह आग लग गई थी, जिसमें छह लोग घायल हुए थे. इनमें पांच भारतीय नागरिक शामिल थे.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *