‘एक दिन तू फ्रिज में मिलेगी’, दोस्तों के मजाक के बीच छात्रा ने की खुदकुशी, बॉयफ्रेंड मोहम्मद फौझील पर लगाए गंभीर आरोप
मृतक छात्रा ने 6 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा है। इसमें बॉयफ्रेंड मोहम्मद फौझील को लेकर मृतक छात्रा ने कई आरोप लगाए हैं। सुसाइड नोट में ‘श्रद्धा वालकर हत्याकांड’ का भी जिक्र किया गया है।
6 पन्नों का लिखा सुसाइड नोट
मामले की अधिक जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि नवी मुंबई के एक डेंटल कॉलेज में MDS की पढ़ाई कर रही छात्रा ने अपने घर में दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस को मौके से 6 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें बॉयफ्रेंड पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
श्रद्धा वालकर हत्याकांड का जिक्र
एंटॉप हिल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट में छात्रा ने लिखा है कि उसका बॉयफ्रेंड, मोहम्मद फौझील, उस पर भद्दे आरोप लगाता था और उसके चरित्र पर शक करता था। सुसाइड नोट में अप्रत्यक्ष रूप से चर्चित ‘श्रद्धा वालकर हत्याकांड’ का जिक्र भी किया गया है
बॉयफ्रेंड से होता था झगड़ा
छात्रा ने नोट में लिखा कि उसके दोस्त अक्सर मजाक में उससे कहते थे, ‘एक दिन तू हमें फ्रिज में मिलेगी।’ यह बात प्रेमी के साथ उसके बिगड़ते रिश्तों और डर की ओर इशारा करती है। नोट के अनुसार, शुरुआत में दोनों के संबंध अच्छे थे, लेकिन बाद में विवाद और झगड़े बढ़ने लगे थे।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
छात्रा अपने माता-पिता और बहन के साथ एंटॉप हिल में रहती थी। घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे तक जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो घरवालों को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो वह फंदे से लटकी मिली। उसे तुरंत मुंबई के सायन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एंटॉप हिल पुलिस अब सुसाइड नोट के आधार पर बॉयफ्रेंड की भूमिका की जांच कर रही है। परिवार और दोस्तों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
