05 June, 2026 (Friday)

रूस का यूक्रेन के 12 इलाकों पर बड़ा हमला, 29 मिसाइलें 400 ड्रोन दागे

रूस ने यूक्रेन पर बड़ा हमला करते हुए 12 स्थानों पर 29 मिसाइलें और 400 के आसपास ड्रोन दागे हैं। यह हमला ऐसे समय पर हुआ है जब स्विटजरलैंड की राजधानी जिनेवा में नए सिरे से शुरू हुई शांति वार्ता होने वाली थी। जानकारी के आधार पर इस हमले में कई आम नागरिक घायल हुए और ऊर्जा एवं नागरिक अवसंरचना को भारी नुकसान पहुंचा है।

छह घंटे चली और माहौल तनावपूर्ण रहा
यूक्रेन के मुख्य वार्ताकार रुस्तेम उमेरोव ने कहा कि जिनेवा में हो रही बातचीत “व्यावहारिक मुद्दों और संभावित समाधानों” पर केंद्रित रही। किसी बड़े परिणाम की उम्मीद कम जताते हुए कहा कि यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल ने “अत्यधिक अपेक्षाओं के बिना” इन वार्ताओं में भाग लिया। इस वार्ता में रूस का नेतृत्व राष्ट्रपति पुतिन के सलाहकार व्लादिमीर मेडिन्स्की कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पहले दिन की बातचीत छह घंटे चली और माहौल “तनावपूर्ण” रहा। अंतिम सत्र बुधवार को होना है।

बच्चों सहित नौ लोग घायल
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस के नवीनतम हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह मॉस्को की “वास्तविक मंशा” को दिखाता है। उन्होंने बताया कि रूस के हमलों में बच्चों सहित नौ लोग घायल हुए हैं। ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली ने रूस द्वारा दागी गई 29 में से 25 मिसाइलों को मार गिराया।

रूस के असली इरादे
उन्होंने यह भी बताया कि रूस ने जिनेवा वार्ता शुरू होते ही हमले किए और लगभग 400 ड्रोन भी छोड़े। ज़ेलेंस्की ने कहा कि यह रूस के असली इरादों को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल इन हमलों का मुद्दा अमेरिका के साथ चर्चा में उठाएगा।

रेलवे अवसंरचनाओं को नुकसान
ज़ेलेंस्की ने यह भी बताया कि ओडेसा में हमलों के बाद हजारों लोग पानी और हीटिंग की सुविधाओं से वंचित हो गए हैं, और करीब 10 आवासीय इमारतों और रेलवे अवसंरचनाओं को नुकसान हुआ है। कुल मिलाकर 12 क्षेत्रों को निशाना बनाया गया।

दोनों पक्षों पर युद्ध समाप्त करने का दबाव
यह जिनेवा वार्ता, अमेरिका के नेतृत्व में चल रहे व्यापक कूटनीतिक प्रयासों का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य फरवरी 2022 से जारी युद्ध का समाधान निकालना है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दोनों पक्षों पर युद्ध समाप्त करने के लिए समझौते का दबाव बना रहे हैं। हालांकि, ज़ेलेंस्की का कहना है कि यूक्रेन पर असमान रूप से रियायतें देने का दबाव डाला जा रहा है।

रूस पर अंतरराष्ट्रीय दबाव
ज़ेलेंस्की ने स्थायी और न्यायपूर्ण शांति के लिए रूस पर अंतरराष्ट्रीय दबाव, प्रतिबंधों को सख्ती से लागू करने और यूक्रेन की वायु रक्षा और सैन्य सहायता को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *