06 June, 2026 (Saturday)

गाजियाबाद में 9वीं मंजिल से कूदकर जान देने वाली तीन बहनों का मोबाइल बरामद, कोरियन गेम के रहस्य की जांच तेज

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 9वीं मंजिल से कूदकर जान देने वाली तीन बहनों के मामले में पुलिस को एक अहम सुराग हाथ लगा है. पुलिस ने वह मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, जिसे लड़कियों के पिता ने घटना से करीब 15 दिन पहले एक दुकानदार को 15 हजार रुपये में बेचा था. यह मोबाइल दिल्ली के शालीमार गार्डन क्षेत्र से बरामद किया गया है.

पुलिस उपायुक्त (ट्रांस हिंडन) निमिष पाटिल के मुताबिक, मोबाइल से डेटा रिकवरी इस मामले की जांच के लिए बेहद अहम है. इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि तीनों बहनों की मौत का मामला कहीं किसी टास्क आधारित ऑनलाइन कोरियन गेम से तो जुड़ा नहीं है. वहीं, परिवार और आसपास के लोगों का कहना है कि तीनों बहनें इस तरह के गेम की लत में थीं.
पिता ने कोरियन गेम की लत का लगाया था आरोप
बता दें कि 4 फरवरी को 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी ने इमारत की नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी. घटना के बाद पिता चेतन कुमार ने बताया था कि तीनों बेटियां पिछले करीब तीन साल से एक कोरियन गेम खेल रही थीं और उसी में ज्यादा समय बिताती थीं. उनका यह भी कहना था कि इसी वजह से वे स्कूल जाना भी छोड़ चुकी थीं.
मोबाइल डेटा से सच्चाई खंगाल रही पुलिस
हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में किसी भी खास कोरियन टास्क-आधारित ऐप के इस्तेमाल से जुड़े पुख्ता सबूत सामने नहीं आए हैं. अब पुलिस मोबाइल फोन के डेटा की जांच कर पूरे मामले की सच्चाई पता लगाने में जुटी है.

तीनों बहनों के कमरे से 9 पन्नों की एक डायरी मिली है, जिसमें उनके मन की बातें लिखी हैं और कोरियन संस्कृति के प्रति गहरा लगाव दिखता है. डायरी में बार-बार “हम कोरियन से प्यार करते हैं” लिखा है और परिवार पर कोरियन चीजें छोड़ने व भारतीय तरीके से शादी का दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया है.
मोबाइल डेटा की फॉरेंसिक जांच जारी
जांच में पता चला है कि पिता द्वारा फोन छीने जाने के बाद तीनों बहनें काफी परेशान थीं और न तो वे ऑनलाइन गेम खेल पा रही थीं, न ही अपने कोरियन दोस्तों से संपर्क कर पा रही थीं. डायरी में शारीरिक सजा का भी जिक्र है. फिलहाल पुलिस मोबाइल डेटा की फॉरेंसिक जांच कर रही है, जिसके बाद ही पूरे मामले की असली वजह साफ हो पाएगी.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed