10 March, 2026 (Tuesday)

रील बनाने का जुनून बना काल, वंदे भारत की चपेट में आने से यूपी के दो युवकों की मौत

राजकोट (ईएमएस)। गुजरात के राजकोट में सोशल मीडिया के लिए रील और सेल्फी बनाने का जानलेवा शौक एक बड़े हादसे में तब्दील हो गया। भक्तिनगर और रिबडा रेलवे स्टेशन के बीच मालधारी रेलवे फाटक के पास सोमवार दोपहर तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों युवक रेलवे ट्रैक के बेहद करीब खड़े होकर मोबाइल से वीडियो बना रहे थे।
हादसे का शिकार हुए तीनों युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और राजकोट की एक फैक्ट्री में मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते थे। मृतकों की पहचान संदीप पटेल और संदीप कोहरी के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक का नाम कपिल है, जिसकी हालत अस्पताल में नाजुक बनी हुई है। चश्मदीदों और पुलिस के अनुसार, वंदे भारत ट्रेन अपने निर्धारित रूट पर उच्च गति से गुजर रही थी, तभी ये युवक ट्रैक के पास रील बनाने और फोटो खींचने में मशगूल थे। ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे सीधे उसकी चपेट में आ गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे युवक की मौत इलाज के दौरान हुई। घायल कपिल को तत्काल 108 एम्बुलेंस के जरिए राजकोट सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए रेल यातायात भी बाधित रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
राजकोट दक्षिण के एसीपी भावेश जाधव ने बताया कि प्राथमिक जांच और चश्मदीदों के बयानों से यह स्पष्ट हुआ है कि युवक ट्रेन के साथ वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से लापरवाही का मामला है। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।इस दुखद घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक के पास सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे प्रशासन ने जनता से बार-बार अपील की है कि वे पटरियों के पास सेल्फी लेने या वीडियो बनाने जैसी खतरनाक गतिविधियों से दूर रहें। वंदे भारत जैसी हाई-स्पीड ट्रेनों के आने के बाद रेलवे ट्रैक के पास की गई छोटी सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed