सर्दियों में अमरूद को सेवन स्वाद और सेहत के लिए जरुरी
नई दिल्ली (ईएमएस)। अमरूद एक ऐसा फल है, जो भले ही सालभर उपलब्ध रहता हो, लेकिन सर्दियों में मिलने वाला अमरूद स्वाद और सेहत दोनों के लिहाज से खास माना जाता है। आयुष विशेषज्ञों और पोषण जानकारों के अनुसार सर्दियों में मिलने वाला अमरूद औषधीय गुणों से भरपूर होता है। ठंड के मौसम में लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्युनिटी अक्सर कमजोर पड़ने लगती है, जिसका असर सीधे पाचन तंत्र पर भी पड़ता है। पाचन धीमा होने से कब्ज, गैस और अपच जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में अमरूद का नियमित सेवन शरीर को इन परेशानियों से बचाने में मदद करता है और पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि अमरूद विटामिन-सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स का बेहतरीन स्रोत है। सर्दियों में इसका सेवन करने से इम्युनिटी सिस्टम मजबूत होता है, जिससे सर्दी-खांसी और मौसमी बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।
फाइबर की भरपूर मात्रा होने के कारण यह कब्ज से राहत दिलाने और पाचन क्रिया को दुरुस्त रखने में बेहद कारगर साबित होता है। यही नहीं, अमरूद ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने में भी सहायक माना जाता है, जिससे यह डायबिटीज के मरीजों के लिए भी लाभकारी फल है। अमरूद का सेवन दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व हार्ट को मजबूत बनाने में मदद करते हैं और हार्ट अटैक के खतरे को कम करने में सहायक होते हैं। इसके अलावा वजन घटाने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए भी अमरूद एक बेहतरीन विकल्प है, क्योंकि इसमें कैलोरी कम और पोषण ज्यादा होता है। आंखों की रोशनी बढ़ाने, त्वचा में चमक बनाए रखने और तनाव को कम करने में भी अमरूद उपयोगी माना जाता है।
जानकारों के मुताबिक अमरूद में पाए जाने वाले एंटी ऑक्सीडेंट्स शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाते हैं और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से लड़ने में भी मददगार हो सकते हैं। सर्दियों में जब शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा की जरूरत होती है, तब अमरूद शरीर की एनर्जी को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। यही वजह है कि आयुर्वेद और आधुनिक पोषण विज्ञान दोनों ही सर्दियों में अमरूद को डाइट का अहम हिस्सा बनाने की सलाह देते हैं। कुल मिलाकर, सर्दियों के मौसम में अमरूद न सिर्फ स्वादिष्ट फल है, बल्कि यह सेहत का संपूर्ण पैकेज भी है।
