कारो में आग लगने वाला 24 घंटे में गिरफ्तार
– नशे में दिया था वारदात को अंजाम
भोपाल(ईएमएस)। देहात क्षेत्र की थाना खजूरी सडक पुलिस ने कारों में आग लगाने वाले अज्ञात आरोपी को 24 घंटो में ही गिरफ्तार कर लिया है। थाना पुलिस के मुताबिक 24 नवंबर को फरियादी सुनिल कुमार विश्वकर्मा पिता शिवनारायण विश्वकर्मा (33) निवासी महाकाल कालोनी ग्राम बैरागढ़ कला ने अपनी शिकायत में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके और उनके पड़ोसी के घर के बाहर खड़ी कारो में आग लगा दी और फरार हो गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की पहचान जुटाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो के फुटेज खंगाले। फूटेज में मिले सुराग के आधार पर टीम को पता चला कि संदेही आरोपी का नाम अनिल राव पिता मर्दन सिंह राव (32) निवासी बैरागढ़ कला है, जो दो-तीन सालों से ग्राम अचारपुरा थाना ईटखेड़ी क्षेत्र में किराये से रहता है, और ड्राईवरी का काम करता था। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।कारो में आग लगाने के बारे में पूछताछ करने पर आरोपी अनिल ने बताया की उसकी कार मालिकों से किसी तरह की कोई रंजिश या दुश्मनी नहीं है, उसने शराब के नशे में होने की वजह से गाड़ीयों में आग लगा दी थी। आरोपी के खिलाफ थाना खजूरी सड़क में एक अपराधिक प्रकरण पूर्व से दर्ज है। पुलिस आरोपी को जेल भेजने की तैयारी में है।
