12 March, 2026 (Thursday)

60 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से यूपी ले जा रहे थे खेप

महासमुंद(ईएमएस)। जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एनटीएफ) और बसना थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे 60 किलो गांजे की खेप जब्त कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई जा रही है। वहीं परिवहन में उपयोग किए गए आयशर ट्रक, दो मोबाइल फोन सहित कुल जब्ती की कीमत लगभग 22 लाख 10 हजार रुपए आंकी गई है। मिली जानकारी के अनुसार,बसना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से अवैध गांजा की बड़ी खेप आयशर ट्रक में पदमपुर होते हुए महासमुंद मार्ग से उत्तर प्रदेश भेजी जा रही है। सूचना पर पुलिस ने जिले की सीमाओं पर सघन नाकाबंदी की। इसी दौरान पलसापाली बैरियर के पास एक संदिग्ध ओडिशा नंबर का आयशर ट्रक (UP 72 BT 3907) दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोका और तलाशी लेने पर तिरपाल के नीचे तीन बोरों में छिपाकर रखा गया 60 किलो गांजा बरामद किया। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम सद्दाम हुसैन (34) और कियामुद्दीन (26), निवासी जनपद प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) बताया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा खरीदकर उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। एनटीएफ और बसना पुलिस की यह संयुक्त कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed