06 June, 2026 (Saturday)

राष्ट्रपति मुर्मू छह दिवसीय राजकीय यात्रा के पहले चरण में अंगोला पहुंची

-अफ्रीकी राष्ट्र की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ समारोह में होंगी शामिल
अंगोला,(ईएमएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू छह दिवसीय राजकीय यात्रा के पहले चरण में शनिवार को अंगोला पहुंचीं जिसके बाद वह पड़ोसी देश बोत्सवाना भी जाएंगी। मुर्मू 8 नवंबर से 13 नवंबर तक राजकीय यात्रा पर हैं। विदेश मंत्रालय ने इस राजकीय यात्रा को अफ्रीकी क्षेत्र में दोनों देशों के साथ सहयोग और साझेदारी के विस्तार के लिए नए रास्ते खोलने के भारत के प्रयासों का हिस्सा बताया।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की इन देशों की पहली राजकीय यात्रा है। अंगोला के विदेश मंत्री टेटे एंटोनियो और दोनों देशों के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने लुआंडा स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति मुर्मू का स्वागत किया। अगले तीन दिन राष्ट्रपति यहां उच्च-स्तरीय बैठकें करेंगी। इस दौरान वह अंगोलाई राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंकाल्वेस लौरेंको के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी और अफ्रीकी राष्ट्र की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ समारोह में भाग लेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू का अंगोला की संसद को संबोधित करने और भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत करने का भी कार्यक्रम है।
विदेश मंत्रालय में सचिव सुधाकर दलेला ने कहा था कि राष्ट्रपति मुर्मू 8 से 13 नवंबर तक अंगोला और बोत्सवाना की राजकीय यात्रा पर रहेंगी। यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की अंगोला और बोत्सवाना की पहली राजकीय यात्रा होगी। उन्होंने कहा था कि भारत और अंगोला के बीच मैत्री और सहयोग के बहुत घनिष्ठ संबंध हैं जिनका विभिन्न क्षेत्रों में विस्तार हो रहा है। अंगोला के साथ ऊर्जा क्षेत्र में हमारी साझेदारी जीवंत है।
सचिव ने कहा कि हमें विश्वास है कि राष्ट्रपति मुर्मू की यात्रा से अंगोला और बोत्सवाना के साथ भारत के दीर्घकालिक सहयोगात्मक संबंध और मजबूत होंगे और हमारी साझेदारी एवं सहयोग के विस्तार के लिए नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में राष्ट्रपति के साथ रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और लोकसभा सदस्य प्रभुभाई वसावा और डी के अरुणा भी गए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *