आज की ताजा खबर LIVE: अचानक दिल्ली पहुंचे महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, दौरे का कारण साफ नहीं
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार को गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं धार्मिक समागमों में शामिल होंगे. लेह में हुई हिंसा की आज से न्यायिक जांच शुरू होगी.
दिल्ली पहुंचे महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दिल्ली आ गए हैं. सूत्रों के अनुसार, शिंदे कल शुक्रवार आधी रात दिल्ली के लिए रवाना हुए. हालांकि दिल्ली दौरे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है.
सताराः लेडी डॉक्टर खुदकुशी केस में एक आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के सतारा जिले के फलटण में महिला डॉक्टर की खुदकुशी मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने प्रशांत बनकर नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस की कई टीमें 2 अन्य आरोपियों की तलाश में रवाना हो गई हैं. लेडी डॉक्टर ने अपनी हथेली पर लिखी सुसाइड नोट में प्रशांत पर मानसिक और शारीरिक शोषण का आरोप लगाया था.
छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाः पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज से छठ पर्व को लेकर शुभकामना देते हुए कहा, “नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ आज से चार दिवसीय महापर्व छठ का शुभारंभ हो रहा है. बिहार सहित देशभर के श्रद्धालुओं को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं. सभी व्रतियों को मेरा नमन और वंदन.”
दिल्ली में पुलिस और बदमाश के बीच एनकाउंटर
दिल्ली के महरौली इलाके में दिल्ली पुलिस और वांछित अपराधी कोकू पहाड़िया के बीच हल्की गोलीबारी हुई, जिसमें आरोपी घायल हो गया. मुठभेड़ के दौरान, 2 पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी, जबकि एक कांस्टेबल के हाथ में चोट आई. इस दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर गोलीबारी की, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. गोली लगने के बाद पहाड़िया को काबू कर लिया गया और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. दिल्ली पुलिस का कहना है कि उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वह हथियार आपूर्ति सहित कई मामलों में वांछित था. आगे की जांच जारी है.बदमाश के पैर में गोली लगी है और उसो एम्स ड्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है. दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चली हैं.
पटना के कायस्थों का गुस्सा भड़का
पटना के कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र से BJP से कायस्थ का टिकट कटने से गुस्साए कायस्थों ने BJP के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा के सामने ही प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज के उम्मीदवार प्रोफेसर केसी सिन्हा जिंदाबाद के लगाए नारे. ऋतुराज सिन्हा लोगों को शांत करते रहे लेकिन कोई शांत होने को तैयार नहीं था.
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव आज शनिवार को कई जनसभा को संबोधित करेंगे. तेजस्वी खगड़िया का दौरा करेंगे. इसके अलावा गोगरी, संसारपुर, अलौली और ब्रह्मपुर में महागठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा करेंगे.
थाईलैंड की राजमाता सिरीकित का 93 साल की उम्र में निधन
थाईलैंड की राजमाता सिरीकित का शुक्रवार को 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया. इन्होंने ग्रामीण गरीबों की मदद, पारंपरिक शिल्पकला के संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के लिए शाही परियोजनाओं का पर्यवेक्षण किया.
भोपाल में ऑनलाइन पेमेंट को लेकर हुए विवाद में चली गोली
मध्य प्रदेश के भोपाल में रोशनपुरा चौराहे के पास ऑनलाइन पेमेंट को लेकर हुए विवाद के बाद गोलीबारी की घटना हुई.डीसीपी विवेक सिंह ने बताया, एक व्यक्ति दुकान पर पैसे ट्रांसफर करने आया था, लेकिन आरोपी ने पैसे नहीं दिए. इसी बात को लेकर दुकानदार और आरोपी के बीच विवाद हो गया. विवाद में एक गोली वहां काम कर रहे एक युवक को लग गई. चेकिंग के जरिए आरोपी की तलाश की जा रही है.
हमारी तीन सीटें पक्की थीं. चौथी सीट हमें नहीं मिली: विधायक बशीर अहमद वीरी
जम्मू-कश्मीर राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक बशीर अहमद वीरी ने कहा,हमारी तीन सीटें पक्की थीं. चौथी सीट हमें नहीं मिली. वहां कुछ प्रतिस्पर्धा थी. हम राज्य का मुद्दा उठाएंगे.
RJD का मतलब रंगदारी, रंगदारी, जंगलराज और दंगाराज: शहजाद पूनावाला
बिहार चुनाव पर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, RJD का मतलब रंगदारी, रंगदारी, जंगलराज और दंगाराज है. यह आज भी स्पष्ट है जब RJD ने अपना पहला चुनाव चिन्ह शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को दिया. वे बिहार को जंगलराज में बदलने वाले शहाबुद्दीन की अमर विरासत के नारे लगाते हैं और उनके बेटे को टिकट भी देते हैं. हमने अपना पहला चुनाव चिन्ह एक दलित महिला को दिया है. एक तरफ नीतीश कुमार का सुशासन है, दूसरी तरफ तेजस्वी और उनके परिवार का कुशासन है.
कपिल मिश्रा और नागालैंड के मंत्री तेम्जेन इम्ना ने शरद महोत्सव में भाग लिया
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा और नागालैंड के मंत्री तेम्जेन इम्ना ने नागालैंड हाउस में पर्यटन विभाग और नागालैंड सरकार द्वारा आयोजित शरद महोत्सव में भाग लिया.
लखनऊ में छत का मुंडेर गिरने से 4 दमकलकर्मी घायल
संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने बताया, उस्मानगंज स्थित इमारत में मूर्ति बनाने का सामान रखा था, उसमें आग लग गई. दमकलकर्मी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं. छत का मुंडेर गिरने से 4 दमकलकर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है. इमारत के आसपास के घरों को खाली करा लिया गया है. कोई भी व्यक्ति फंसा नहीं है. आग फिलहाल काबू में है.
बिहार में आज तीन रैलियों को संबोधित करेंगे अमित शाह
बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे. शाह की पहली रैली परबत्ता विधानसभा में होगी. दूसरी मुंगेर और तीसरी नालंदा में होगी.
बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे. शाह की पहली रैली परबत्ता विधानसभा में होगी. दूसरी मुंगेर और तीसरी नालंदा में होगी. लेह में 24 सितंबर को हुई हिंसक झड़पों की न्यायिक जांच शनिवार से शुरू होगी और इस दौरान पीड़ितों को जांच पैनल के सदस्यों के समक्ष अपनी गवाही दर्ज कराने के लिए बुलाया जाएगा. चार दिवसीय छठ महापर्व शनिवार को ‘नहाय खाय’ के साथ शुरू होगा. 26 अक्टूबर को ‘खरना’, 27 अक्टूबर को ‘संध्या अर्घ्य’ और 28 अक्टूबर को ‘उषा अर्घ्य’ के साथ इसका समापन होगा.
