05 June, 2026 (Friday)

फिरोजाबाद में बड़ा हादसा: टूंडला में बन रहा रेलवे ओवरब्रिज गिरा,सहारनपुर और हाथरस के पांच मजदूर घायल, दो की हालत गंभीर

फिरोजाबाद (ईएमएस)। टूंडला शहर में गुरुवार की रात बड़ा हादसा हो गया, जब निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का एक हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर गया। हादसे में पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूचना पर जिलाधिकारी रमेश रंजन समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
घायल मजदूरों का विवरण —

कलुआ पुत्र महबूब खान, निवासी चितावर, थाना चंदपा, जनपद हाथरस — एफ.एच. मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन
जितेंद्र पुत्र महावीर सिंह, निवासी चितावर, थाना चंदपा, जनपद हाथरस — जिला चिकित्सालय फिरोजाबाद में उपचाराधीन
विकास पुत्र रामदास, निवासी चितावर, थाना चंदपा, जनपद हाथरस — जिला चिकित्सालय फिरोजाबाद में उपचाराधीन
साहिल पुत्र इरसाद, निवासी नन्हेरा, थाना नागल, जनपद सहारनपुर — जिला चिकित्सालय फिरोजाबाद में उपचाराधीन
समीर पुत्र मुस्तफा, निवासी माधोपुर, थाना नानौता, जनपद सहारनपुर — जिला चिकित्सालय फिरोजाबाद में उपचाराधीन

जानकारी के अनुसार, दिल्ली-हावड़ा रेल खंड पर टूंडला में रेस्ट कैम्प कॉलोनी से शोभाराम आहते के पास तक ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा था। रात के समय जब लेंटर डालने का कार्य हो रहा था, तभी नाले के पास बना एक पिलर धंस गया, जिससे शटरिंग भरभरा कर गिर गई। कई मजदूर इस मलबे में दब गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य मजदूर मलबे में दबा न रह गया हो।
रेलवे का बयान —

रेलवे प्रवक्ता शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है और रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ है। रेलवे पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और घायलों को नियमों के अनुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा।

इस बीच हादसे के बाद निर्माण कार्य का ठेकेदार मौके से फरार हो गया है। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बताया कि यह निर्माण कार्य रेलवे द्वारा कराया जा रहा था और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। टूंडला का यह हादसा एक बार फिर निर्माण कार्यों में लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *