22 October, 2026 (Thursday)

लॉरेंस बिश्नोई को मंडोली जेल शिफ्ट किया गया, तिहाड़ में थी गैंगवॉर की आशंका, जानें पूरा मामला

नई दिल्ली: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल से दिल्ली लाया गया। बिश्नोई को सुरक्षा कारणों से मंडोली जेल में शिफ्ट किया गया है। दरअसल, तिहाड़ जेल में हुई टिल्लू ताजपुरिया की हत्या के बाद गैंगवार की संभावना को देखकर जेल प्रशासन ने यह फैसला लिया है। पिछले महीने तिहाड़ जेल में ही बिश्नोई के साथी प्रिंस तेवतिया की भी हत्या हो गई थी। सूत्रों के मुताबिक लॉरेंस बिश्नोई को हाई सिक्योरिटी वार्ड की 15 नंबर सेल में रखा गया है।

प्रिंस तेवतिया की तिहाड़ में हुई थी हत्या

दिल्ली की रोहिणी अदालत में गोलीबारी की घटना के आरोपी टिल्लू ताजपुरिया की तिहाड़ जेल में 2 मई को हत्या कर दी गई थी। जेल में हुई इस गैंगवार में हमलावरों ने ताजपुरिया की जान लेने के लिए धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया था। इससे पहले 14 अप्रैल को लॉरेंस बिश्नोई का साथी प्रिंस तेवतिया तिहाड़ जेल के अंदर गैंगवार में मारा गया था। तेवतिया का दूसरे गैंग के सदस्य अतातुर रहमान से विवाद हो गया था जिसके बाद दोनों गुटों के कैदी आपस में भिड़ गए थे। इस घटना में 4 कैदी घायल भी हुए थे।

रिस्क नहीं लेना चाहता था जेल प्रशासन
पिछले कुछ ही दिनों के अंतराल पर तिहाड़ जेल में हुई इन वारदातों के चलते प्रशासन बिश्नोई के मामले में कोई रिस्क नहीं लेना चाहता था। यही वजह है कि उसे मंडोली जेल शिफ्ट किया गया है। इस बीच दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने दिल्ली में मुठभेड़ के बाद लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक कथित सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि आरोपी योगेश उर्फ हिमांशु दिल्ली में हत्या के प्रयास के एक मामले में अंतरिम जमानत पर जेल से निकलने के बाद 3 साल से फरार था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed