21 October, 2026 (Wednesday)

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक

प्रयागराज : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ विभागों से सम्बंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। आवास योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोगाें को पहले पात्र दिखाकर उनको आवास योजना से लाभान्वित किया गया, परंतु जांच में उन्हें अपात्र पाये जाने पर उनसे वसूली की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने ऐसे जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

उपमुख्यमंत्री ने हर घर जल योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कार्य की जानकारी ली। बताया गया कि 837 ग्रामों में पानी की टंकी बनायी जानी है, जिसमें से 263 टंकियों के डीपीआर तैयार हो गया है। जिस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर को नल से जोड़ने का कार्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने योजना को तीव्र गति के साथ पूरा कराये जाने के लिए कहा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएमवाई) फेज-3 के निर्माण कार्यों की समीक्षा में उन्होंने ‘‘फुल डेफ्थ रिक्लेमेशन’’ पर आधारित सड़कों के निर्माण के बारे में जानकारी ली। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एफडीआर तकनीक से 25 सड़क स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 2 सड़कों पर कार्य प्रगति पर है, शेष कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जायेगा।

अधिकारियों ने बताया कि इस तकनीकि में पूर्व में बनी सड़क को डिस्मेंटल कर सीमेंट तथा केमिकल डालकर अत्याधुनिक मशीनों का प्रयोग करते हुए बिना किसी नयी गिट्टी का प्रयोग करे ही सड़कों की चौड़ाई बढ़ा दी जाती है। इस तकनीक से बने सड़कों की लाइफ लगभग 10 वर्ष होती है, साथ अन्य सड़कों के निर्माण की अपेक्षा लागत भी 20 प्रतिशत कम आती है। इस तकनीक का प्रयोग करके हनुमानगंज से फूलपुर तक सड़क का निर्माण किया जा रहा है।

अमृत सरोवर योजना के तहत ग्रामों में तालाब खुदाई कार्यों की समीक्षा में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हर ब्लाॅक में एक मॉडल तालाब का निर्माण करें। उन्होंने तालाब के आस-पास फलदार वृक्ष लगाये जाने के लिए कहा। उन्होंने मनरेगा के अन्तर्गत कराये जाने वाले कार्यों की समीक्षा में मनरेगा के अन्तर्गत संचालित योजनाओं से सम्बंधित सभी कार्यों का हर ब्लाॅकों में बोर्ड लगाकर दर्शाये जाने के लिए कहा है। इस अवसर पर सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी, सांसद श्रीमती केशरी देवी पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, विधायक कोरांव राजमणि कोल, विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्या, विधायक फूलपुर प्रवीण पटेल, एमएलसी सुरेन्द्र चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी शिपू गिरि सहित सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगणों सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed