गोवा विधानसभा चुनाव : आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल आज जाएंगे गोवा के दो दिवसीय दौरे पर
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल विधानसभा चुनाव से पहले गुरुवार को गोवा के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। आप से मिली जानकारी के अनुसार, केजरीवाल 10-11 फरवरी तक गोवा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे।
आप प्रमुख ने इस महीने की शुरुआत में भी गोवा का दौरा किया था। गोवा में 14 फरवरी को विधानसभा चुनाव होंगे और वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।
इससे पहले जब अरविंद केजरीवाल गोवा दौरे पर गए थे तो उन्होंने भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से राज्य के भविष्य के लिए आप को वोट देने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा था कि भाजपा, कांग्रेस और अन्य दलों के कार्यकर्ताओं को अपनी पार्टियों को छोड़कर आप में शामिल होने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन मेरा एक अनुरोध है कि इस विधानसभा चुनाव में आप को वोट दें। अपने बच्चों और गोवा के भविष्य के लिए आप को चुनें। कृपया इस बार अपनी पार्टी को अनदेखा करें। अरविंद केजरीवाल ने कहा, आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने पर हर व्यक्ति को अगले पांच वर्षों में 10 लाख रुपये का लाभ मिलेगा। केजरीवाल ने राज्य के लोगों को मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य सेवा देने का भी वादा किया।
इससे एक दिन पहले गृह मंत्री अमित शाह व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को गोवा दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने यहां चुनावी जन सभाओं को संबोधित किया। दोनों नेताओं ने यहां कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, अगर कांग्रेस चाहती, तो पूरे देश के साथ गोवा भी वर्ष 1947 में ही आजाद हो गया होता। शाह ने बिचोलम में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस गोवा के साथ हमेशा अन्याय करती रही है। न सिर्फ आजादी, बल्कि विकास के मामले में भी। उन्होंने कहा, ‘अगर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का नेतृत्व निर्णायक होता, तो 15 अगस्त, 1947 को देश के अन्य हिस्सों की तरह गोवा भी आजाद हो गया होता। गोवा को काफी संघर्ष के बाद आजादी मिली है। इसमें काफी समय लग गया।
