06 June, 2026 (Saturday)

आज से खुले दिल्ली के स्कूल, मध्य प्रदेश के स्कूलों में रहेगी 50 फीसदी अटेंडेंस, जानें अन्य राज्यों का हाल

पहले कोरोना महामारी के चलते और फिर वायु गुणवत्ता में खराब होने के चलते दिल्ली के स्कूलों को बंद रखे जाने के बाद आज, 29 नवंबर 2021 से खोल दिया गया है। दिल्ली सरकार की तरफ से राजधानी के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को सभी कक्षाओं के लिए पूरी क्षमता के साथ खोले जाने के निर्देश जारी कर दिये गये थे। दिल्ली सरकार के उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री, मनीष सिसोदिया ने शनिवार, 27 नवंबर 2021 को सोशल मीडिया के जरिए अपडेट जारी करते हुए कहा था कि दिल्ली के सभी स्कूल 29 नवंबर से सभी क्लासेस के लिए खोले जाएंगे। इसके साथ ही, शिक्षा मंत्री ने शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी नोटिस साझा किया, जिसके मुताबिक सरकारी, सहायता प्राप्त और गैर सहायता प्राप्त, एनडीएमसी, एमसीडी और दिल्ली कैंटोंमेंट बोर्ड स्कूलों को खोला जाएगा।

मध्य प्रदेश में 50 फीसदी अटेंडेस

दूसरी तरफ, मध्य प्रदेश सरकार ने भी राज्य के सभी स्कूलों को आज, 29 नवंबर से खोले जाने की छूट दे दी थी। हालांकि, सरकार की तरफ से अभी हर कक्षा में अधिकतम 50 फीसदी छात्र-छात्राओं को ही एक बार में बुलाये जाने की छूट दी है। मध्य प्रदेश सरकार में स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि विद्यालयों में सभी कक्षाएं 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित होंगी। हालांकि, राज्य शिक्षा विभाग ने स्कूलों को कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य किया है। इसके साथ ही, विभाग ने रविवार, 28 नवंबर 2021 को जारी अपने अपडेट में कहा है कि सभी विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएँ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार संचालित की जाएगी।

मध्य प्रदेश के स्कूलों को खोले जाने को लेकर राज्य मुख्यमंत्री ने शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “18 साल से कम उम्र के बच्चों को लेकर हमने तय किया है कि स्कूल खुलेंगे, लेकिन बच्चों की संख्या 50% होगी। 50% बच्चे एक दिन और बाकी 50% बच्चे अगले दिन स्कूल आएंगे। ऑनलाइन क्लास का विकल्प रहेगा और पैरेंट्स की इच्छा होगी तो ही बच्चे स्कूल जाएंगे, उनकी अनुमति आवश्यक होगी।”

हरियाणा सरकार ने 1 दिसंबर से खोले जाने दी है छूट

उधर हरियाणा सरकार ने राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 1 दिसंबर 2021 से खोजे जाने की छूट दी है। राज्य सरकार में शिक्षा मंत्री कंवर सिंह पाल ने वीरवीर, 25 नवंबर 2021 को सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए कहा था कि 1 दिसंबर से हरियाणा के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूल पूरी क्षमता के साथ खुलेंगे। कोविड प्रोटोकॉल की अनुपालना पहले की तरह की जाती रहेगी। यदि भविष्य में कोविड से जुड़ी कोई समस्या दोबारा खड़ी होती है तो सरकार इस संबंध में तत्काल निर्णय लेगी।

महाराष्ट्र: पहली से 7वीं तक स्कूल 1 दिसंबर से

इसी प्रकार, महाराष्ट्र में जहां 8वीं से 12वीं तक के स्कूल अक्टूबर 2021 से ही हाइब्रिड (ऑफलाइन और ऑफलाइन) मोड में आयोजित किए जा रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार ने पहली से लेकर 7वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए भी स्कूलों को 1 दिसंबर 2021 से खोले जाने की अनुमति, मीडिया रिपोर्ट्स, के अनुसार दे दी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *