22 October, 2026 (Thursday)

जनजातीय गौरव दिवस: भोपाल पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी, वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन का करेंगे उद्घाटन

अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को भोपाल दौरे पर रहेंगे। वे भोपाल के जंबुरी मैदान में जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित महासम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान जनजातीय समुदाय से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। पीएम मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।

पीएम मोदी के इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में जनजातीय बंधु हिस्सा लेने के लिए आ रहे हैं। प्रदेश की सभी पंचायतों में इसका प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के लोकार्पण सहित अन्य रेल परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वे चार बजे राजाभोज विमानतल से दिल्ली रवाना होंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री जनजातीय गौरव दिवस महासम्मेलन के दौरान मध्य प्रदेश में राशन आपके ग्राम योजना का शुभारंभ करेंगे। पीएमओ ने कहा, ‘इसका उद्देश्य हर महीने गांवों में जनजातीय समुदाय के लाभार्थियों को पीडीएस राशन का मासिक कोटा पहुंचाना है। महासम्मेलन के दौरान, प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश सिकल सेल (हीमोग्लोबिनोपैथी) मिशन के शुभारंभ के अवसर पर लाभार्थियों को आनुवंशिक परामर्श कार्ड भी सौंपेंगे।

मिशन को सिकल सेल एनीमिया, थैलेसीमिया और अन्य हेमोग्लोबिनोपैथी से पीड़ित रोगियों की जांच, प्रबंधन और इन बीमारियों के बारे में जन जागरूकता बढ़ाने के लिए विकसित किया गया है, जिसका प्रभाव मध्य प्रदेश के जनजातीय समुदाय पर अधिक गहरा देखा जाता है। प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, त्रिपुरा और दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव सहित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 50 एकलव्य माडल आवासीय विद्यालयों की आधारशिला रखेंगे।

इसके अलावा प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश के आदिवासी स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी और स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और नायकों की फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे। वह नव नियुक्त विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे। कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्यपाल मंगूभाई सी पटेल, केंद्रीय मंत्री डा वीरेंद्र कुमार, नरेंद्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य एम सिंधिया, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद एस पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते और डा. एल मुरुगन भी मौजूद रहेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed