06 June, 2026 (Saturday)

India Coronavirus News: बीते 24 घंटे में 89 हजार से ज्यादा केस मिले, 714 लोगों की मौत

भारत में कोरोना संक्रमण के मामले में बढ़ोतरी जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी शनिवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में 89 हजार 129 नए मामले सामने आए हैं और 714 लोगों की मौत हो गई है। पिछले लगभग साढ़े छह महीने में एक दिन में सामने आए ये सर्वाधिक मामले हैं। इससे पहले 20 सितंबर को 92 हजार 605 मामले सामने आए थे। वहीं 21 अक्टूबर के बाद इतनी संख्या में लोगों की मौत हुई है। इसके चलते एक्टिव केस बढ़कर छह लाख 58 हजार से ज्यादा हो गया है। बीते 24 घंटे में 44,202 लोग संक्रमण से ठीक हुए और इस दौरान कुल 10 लाख 46 हजार 605 सैंपल टेस्ट हुए।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक कोरोना के कुल एक करोड़  23 लाख 92 हजार 260 मामले सामने आए हैं। वहीं एक  लाख 64 हजार  110 लोगों की मौत हो गई है। एक्टिव केस  छह लाख  58 हजार 909 है। यह कुल मामले का 5.32 फीसद है। इसमें लगातार 24 दिनों से इजाफा जारी है। कुल अब तक एक करोड़ 15 लाख 69 हजार 241 मरीज संक्रमण से मुक्त हो गए हैं। रिकवरी रेट गिरकर 93.36 फीसद  और डेथ रेट 1.32 फीसद है। देश में अब तक सात करोड़ 30 लाख 54 हजार  295 लोगों का टीकाकरण हो चुका है। वहीं कुल अब तक 24 करोड़  69 लाख 59 हजार 192 सैंपल टेस्ट हो गया है।

महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, दिल्ली और हरियाणा हालात चिंताजनक हो गए हैं। बता दें कि 16 सितंबर, 2020 को एक दिन में सबसे ज्यादा 97,894 मामले सामने आए थे। इसके बाद मामलों में गिरावट आनी शुरू हो गई थी। पिछले 24 घंटे महाराष्ट्र में  481 लोगों की मौत हुई है। वहीं पंजाब में 57, छत्तीसगढ़ में 43, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 16, केरल और दिल्ली में 14, तमिलनाडु में 12, गुजरात में 11 और हरियाणा में 10 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में 55,379 ,तमिलनाडु में 12,750 , कर्नाटक में 12,591, दिल्ली में 11,050, पश्चिम बंगाल में 10,335, उत्तर प्रदेश में 8,836, आंध्र प्रदेश में 7,225 और पंजाब में 6,983 लोगों की अब तक संक्रमण से मौत हो गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *