जो रूट ने पहला टेस्ट जीतने के बाद किया खुलासा, बताया क्या रहा इंग्लैंड की टीम के पक्ष में
Ind vs Eng: चार मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में इंग्लैंड की टीम ने मेजबान भारत को यहां खेले गए टेस्ट मैच में बुरी तरह से हरा दिया। भारतीय टीम पहली पारी में ही 200 से ज्यादा रन से पिछड़ गई थी। मैच जीतने के बाद इंग्लैंड की टीम के कप्तान जो रूट ने बताया कि उनको सबसे ज्यादा फायदा किससे हुआ। रूट ने कहा कि मैच में टॉस जीतना और सभी 20 विकेट झटकना उनकी टीम के लिए काफी अच्छा रहा।
इंग्लिश कप्तान ने यह भी कहा कि उनके बल्लेबाजों ने भी पहले और दूसरे दिन विकेट का भरपूर लाभ लिया और बड़ा स्कोर बनाकर भारत पर दबाव डाला। रूट ने मैच के बाद कहा कि टॉस जीतना और ऐसी परिस्थिति में सभी 20 विकेट चटकाना टीम के लिए काफी अच्छा रहा। हमें लगा था कि यहां विकेट अच्छा होगा और पहली साझेदारी ने हमें काफी फायदा पहुंचाया। टीम में विभिन्न खिलाडि़यों ने अपना योगदान दिया और जीत के लिए सबसे ज्यादा यही जरूरी है।
अगर हमें जीत हासिल करनी है तो टीम में किसी खिलाड़ी को बड़ा योगदान देना होता है और मैं भाग्यशाली हूं कि इस सप्ताह यह काम मैंने किया। हमें पता है कि भारत मजबूती से वापसी करने की कोशिश करेगा। रूट ने कहा कि हमारी योजना 400 से अधिक का स्कोर बनाने की थी। कुछ देर पिच पर समय व्यतीत करने के बाद मुझे पता लगा कि विकेट में कुछ बदलाव आएगा। गेंदबाजी में हमें रन रेट की चिंता नहीं थी। यहां आकर पहला मुकाबला जीतना सुखद है।
चेन्नई के मैदान पर इंग्लैंड की टीम ने टॉस जीतकर 578 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसमें मेहमान टीम के कप्तान जो रूट ने दोहरा शतक जड़ा। इंग्लैंड की टीम ने दो दिन से ज्यादा बल्लेबाजी की थी। वहीं, भारतीय टीम पहली पारी में 337 रन बना पाई थी। इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में 178 रन पर ढेर जरूर हो गई थी, लेकिन स्कोरबोर्ड पर 400 से ज्यादा रन लग चुके थे। इसके सामने टीम इंडिया बौनी नजर आई और मुकाबला 227 रन से हार गई।
