अभा पत्रकार सुरक्षा समिति आयोजित करेगी पूर्वांचल पत्रकार महासम्मेलन
पडरौना,कुशीनगर। पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग के लिए देशभर में अलख जगाने वाली अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति फरवरी माह में पूर्वांचल की धरती कुशीनगर में पत्रकार महासम्मेलन आयोजित करेगी।
उक्त आशय की जानकारी एक प्रेस विज्ञप्ति में देते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अजय प्रताप नारायण सिंह ने बताया कि आजादी मिलने के इतने दिनों बाद भी पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कोई कानून नहीं बना, तमाम सरकारें आई और गई लेकिन पत्रकारों के लिए कानून की बात किसी ने नहीं किया। श्री सिंह ने बताया कि अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति देशभर में कानून बनाए जाने की मांग को लेकर अलख जगाए हुए है। इसी के तहत पत्रकार बंधुओं में जागृति लाने के उद्देश्य से देश के सभी क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं,इसी तारतम्य में कुशीनगर में पत्रकार महासम्मेलन का आयोजन फरवरी में किया जा रहा है। श्री सिंह के मुताबिक उक्त सम्मेलन में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुजरात के वरिष्ठ पत्रकार जिग्नेश कलावडिया के अलावा देश के कई वरिष्ठ पत्रकार शिरकत करेंगे। श्री सिंह ने कहा कि पत्रकारों के मान सम्मान के लिए देश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाना नितांत आवश्यक है। इन सम्मेलनों के बाद देशभर के पत्रकार दिल्ली के जंतर मंतर पर जुटेंगे और अपनी मांग को सरकार तक पहुंचाएंगे।सम्मेलन की रूपरेखा के बाबत जानकारी देते हुए श्री सिंह ने बताया कि बहुत जल्द आयोजन समिति का गठन कर कार्यक्रम की तैयारी जोरों पर शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए संगठन इकाइयों को निर्देशित किया जा रहा है।
