40 साल बाद फिर साथ दिखेगी ‘हीरो’ की आइकॉनिक जोड़ी, ‘नानावटी वर्सेस नानावटी’ से मीनाक्षी शेषाद्रि की 30 साल बाद धमाकेदार वापसी
अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि प्राइम वीडियो की वेब सीरीज ‘नानावटी वर्सेस नानावटी’ से अभिनय में वापसी कर रही हैं। विपुल शाह के निर्देशन में बन रही इस सीरीज में वे 40 साल बाद जैकी श्रॉफ संग नजर आएंगी।
80 और 90 के दशक में अपनी शानदार अदाकारी और खूबसूरती से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली दिग्गज अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि एक बार फिर अभिनय की दुनिया में वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मुंबई शिफ्ट होने के महज दो महीने के भीतर ही मीनाक्षी के हाथ एक बड़ा और प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट लग गया है। वह जल्द ही प्राइम वीडियो की आगामी वेब सीरीज ‘नानावटी वर्सेस नानावटी’ में एक बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हुई नजर आएंगी। इस कोर्टरूम ड्रामा का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर विपुल शाह कर रहे हैं। इस सीरीज की सबसे खास बात यह है कि इसके जरिए बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म ‘हीरो’ (1983) की आइकॉनिक जोड़ी मीनाक्षी शेषाद्रि और जैकी श्रॉफ करीब 40 सालों बाद एक बार फिर स्क्रीन शेयर करने जा रही है। दिग्गज कलाकारों से सजी इस ओटीटी सीरीज को लेकर अभी से ही दर्शकों और फैंस के बीच काफी उत्साह देखा जा रहा है।
मुंबई शिफ्ट होने के दो महीने बाद मिला बड़ा ब्रेक
मीनाक्षी शेषाद्रि ने हाल ही में अमेरिका से भारत लौटकर मुंबई में स्थायी रूप से बसने और अपने एक्टिंग करियर को दोबारा शुरू करने का फैसला किया था। उनके इस फैसले के महज दो महीने बाद ही उन्हें विपुल शाह की इस बड़ी ओटीटी सीरीज में काम करने का मौका मिल गया। 1983 में आई सुभाष घई की फिल्म ‘हीरो’ ने मीनाक्षी को रातों-रात स्टार बना दिया था। उस फिल्म में उनके साथ जैकी श्रॉफ मुख्य भूमिका में थे। अब चार दशकों के लंबे इंतजार के बाद इन दोनों कलाकारों को एक साथ देखना दर्शकों के लिए पुरानी यादों को ताजा करने जैसा होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स ने दोनों के किरदारों को उनकी उम्र के हिसाब से बेहद खूबसूरती से गढ़ा है, जो कहानी में पुराने दौर के नॉस्टैल्जिया के साथ-साथ एक नयापन भी जोड़ेगा।
अंधेरी और पवई में चल रही है शूटिंग
रिपोर्ट के अनुसार 8 एपिसोड वाली इस क्राइम/कोर्टरूम ड्रामा सीरीज की शूटिंग मुंबई के अंधेरी वेस्ट में चल रही है। अंधेरी के बाद इस शो का मुख्य शूटिंग शेड्यूल मुंबई के पवई इलाके में पूरा किया जाएगा। इस सीरीज में केवल मीनाक्षी और जैकी ही नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा के कई और मशहूर चेहरे भी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। सीरीज में भाग्यश्री, राम कपूर और अनुप्रिया गोयनका भी अहम किरदारों में हैं। भाग्यश्री और राम कपूर शो में एक अन्य दंपत्ति की भूमिका निभा रहे हैं। चूंकि राम कपूर इस वक्त किसी अन्य प्रोजेक्ट में व्यस्त हैं, इसलिए वे आने वाले दिनों में शूटिंग शेड्यूल से जुड़ेंगे। फिलहाल मेकर्स प्राइमरी शेड्यूल को पूरा करने में जुटे हुए हैं।
मीनाक्षी शेषाद्रि और जैकी श्रॉफ की पुरानी फिल्में
‘नानावटी वर्सेस नानावटी’ से पहले मीनाक्षी शेषाद्रि और जैकी श्रॉफ की जोड़ी ने कई यादगार फिल्मों में साथ काम किया है। ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘हीरो’ (1983) के अलावा यह जोड़ी ‘दहलीज’ (1986) और ‘अल्लाह रखा’ (1986) जैसी चर्चित फिल्मों में भी नजर आ चुकी है। 80 के दशक में दर्शकों ने इनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को बेहद प्यार दिया था। बता दें, कुछ दिनों पहले मीनाक्षी शेषाद्रि ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किया था और अपील की थी कि वो अब भारत वापसी कर चुकी है और हिंदी फिल्मों में काम करना चाहती हैं। उनका वीडियो काफी वायरल हुआ था।
आधिकारिक घोषणा का इंतजार
हालांकि सीरीज की शूटिंग मुंबई में तेजी से चल रही है, लेकिन स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो की ओर से अभी तक इस प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि शूटिंग का बड़ा हिस्सा पूरा होने के बाद ही मेकर्स और ओटीटी प्लेटफॉर्म की तरफ से इसकी औपचारिक घोषणा और फर्स्ट लुक रिलीज किया जाएगा
